डीजल-पेट्रोल में हुई मूल्य वृद्धि को लेकर रास्ताजाम
प्रतापगढ़ डीजल-पेट्रोल में हुई मूल्य वृद्धि पर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने
प्रतापगढ़ : डीजल-पेट्रोल में हुई मूल्य वृद्धि पर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार दोपहर पट्टी कस्बा स्थित चौक पर रास्ताजाम कर दिया। सपा कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। करीब घंटे भर बाद पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर जाम समाप्त कराया। उधर, चौक पर लगे जाम से तीनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटे भर तक राहगीर जाम में फंसे रहे।
पेट्रोलियम पदार्थों में हुई मूल्य वृद्धि के विरोध और उसे वापस लेने के साथ ही जल्द से जल्द शिक्षक भर्ती किए जाने, कोरोना वायरस काल में टेस्ट की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, बेसहारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान को बचाने, बेरोजगारी भत्ता लागू करने की मांग को लेकर सपा नेता अजय यादव की अगुवाई में विपिन यादव, अमित यादव, विकास यादव व आशीष यादव सहित अन्य कार्यकर्ता पट्टी कस्बा स्थित चौक पर पहुंचे। यहां सड़क पर लेटकर रास्ताजाम कर दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की।
जाम से चौक-चिलबिला, चौक-चांदा और चौक-पृथ्वीगंज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा। दोपहर लगभग एक बजे पट्टी कोतवाल नरेंद्र सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और अजय यादव, विपिन यादव, अमित यादव, विकास यादव, आशीष यादव को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि सपा कार्यकर्ताओं पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन, महामारी फैलाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, सपा के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष रामबचन यादव का कहना है कि पट्टी चौक में जाम लगाने वालों का सपा से कोई सरोकार नहीं है। सपा का ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं था। कुछ लोगों का व्यक्ति प्रदर्शन रहा होगा।