बुद्ध पूर्णिमा पर हजारों ने लगाई गंगा में डुबकी
शाहाबाद एवं राजघाट गंगा तटों पर हजारों की संख्या में लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

बुद्ध पूर्णिमा पर हजारों ने लगाई गंगा में डुबकी
संसू, मानिकपुर : बुद्ध पूर्णिमा पर सोमवार को मानिकपुर नगर के शाहाबाद एवं राजघाट गंगा तटों पर हजारों की संख्या में लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। साथ ही तीर्थ पुरोहितों को अन्न एवं द्रव्य दान अर्पित कर पुण्य के भागी बने। स्नान के उपरांत लोगों की भीड़ सिद्ध पीठ मां ज्वाला देवी धाम पर भी देखने को मिली, जहां पर भारी संख्या में लोगों ने मां भगवती का पूजन अर्चन किया। शाहाबाद एवं अन्य गंगा घाटों पर भोर से ही स्नान शुरू हो गया। प्रतापगढ़ जनपद के अलावा रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर आदि जिलों से भी भारी संख्या में लोग स्नान करने के लिए पहुंचे। लोगों ने गंगा स्नान कर अपने परिवार के साथ सभी के लिए मंगल कामना की। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए मानिकपुर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखा। स्वयं थाना प्रभारी मनीष पांडेय नगर के मुख्य मार्गो का भ्रमण करते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि गंगा घाटों पर महिला एवं पुरुष आरक्षी लगाए गए थे। मुख्य मार्गों पर भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहमत अली का पुरवा चौराहे पर की गई थी।
Edited By Jagran