बैंक के रिकवरी अफसर को तमंचा सटाकर बदमाशों ने 82 हजार लूटे
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से पैसा वसूलकर लौट रहे बंधन बैंक के रिकवरी अफसर को तमंचा सटाकर बदमाशों ने
संसू,पट्टी/अमरगढ़ : स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से पैसा वसूलकर लौट रहे बंधन बैंक के रिकवरी अफसर को तमंचा सटाकर बदमाशों ने 82 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने घेरेबंदी की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
हथिगवां थाना क्षेत्र के बलीपुर निवासी दुर्गेश प्रताप सिंह पुत्र बृजेंद्र प्रताप सिंह बंधन बैंक के पट्टी शाखा में रिकवरी अफसर हैं। वह शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे देवसरा क्षेत्र के गांवों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से पैसा कलेक्ट करने गए थे। डाही, दफरा, अमरगढ़, कबीरपुर गांव से पैसा वसूलकर वह दोपहर करीब डेढ़ बजे गौहानी गांव से सदहा मार्ग से पट्टी की ओर आ रहे थे।
वह गौहानी गांव से 100 मीटर सदहा की ओर आगे बढ़े थे। इसी बीच सुपर स्प्लेंडर सवार मुंह में लाल गमछा बांधे दो बदमाश आए और तमंचा तानकर उन्हें रोक लिया। फिर तमंचा सटाकर पैसे भरा बैग छीनकर गौहानी गांव की ओर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद दुर्गेश ने गुहार लगाई तो आस-पास खेतों में गेहूं की बुवाई कर रहे किसान भागकर घटनास्थल पर पहुंचे तो दुर्गेश ने घटनाक्रम के बारे में बताया।
फौरन दुर्गेश ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद डायल 112 पुलिस, देवसरा एसओ सुनील कुमार सिंह व पट्टी कोतवाल नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दुर्गेश से घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि उसके बैग में 82700 रुपये, टेबलेट, रजिस्टर, मोबाइल था। इसके बाद में पुलिस दुर्गेश को लेकर कोतवाली चली गई।
दोपहर करीब 3:30 बजे स्वॉट टीम प्रभारी मृत्युंजय मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कोतवाली से दुर्गेश को बुलवाकर घटनाक्रम, बदमाशों के हुलिए के बारे में जानकारी ली। इस बारे में कोतवाल नरेंद्र सिंह का कहना है कि लूट की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर गए थे। बैंक कर्मी से घटनाक्रम की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।