सेंट एंथोनी इंटर कालेज बनेगा अस्थाई कोविड अस्पताल
जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर अस्थाई अस्पताल बनाने की तैयारी में तेजी आई है। ट्रामा सेंटर मरीजों से भर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ : जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर अस्थाई अस्पताल बनाने की तैयारी में तेजी आई है। ट्रामा सेंटर मरीजों से भर रहे हैं। ऐसे में अब स्कूलों में अस्थाई अस्पताल बनाया जाना जरूरी हो गया है।
सेंट एंथोनी इंटर कालेज को अस्थाई अस्पताल बनाने की औपचारिक तैयारी डीएम के निर्देश पर एक महीने पहले शुरू कर दी गई थी। बीच में काम बंद हो गया, क्योंकि प्रशासन ने गाय घाट सदर के ट्रामा सेंटर में मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया। वहां 32 मरीजों के हो जाने के बाद लालगंज में संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जाने लगा। अब वहां भी 22 मरीज भर्ती हो चुके हैं। अभी तक प्रशासन ने एआरटीओ कार्यालय के नए भवन को भी अस्पताल के रूप में प्रयोग करने का विचार बनाया था लेकिन उसमें कई समस्याएं आ रही हैं। यह जिला मुख्यालय से दूर है। अन्य संसाधनों के अभाव के साथ ही सुरक्षा के इंतजाम भी नही हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने सेंट एंथोनी इंटर कालेज को अस्थाई कोविड अस्पताल के रूप में तैयार करना शुरू कर दिया है। इस कालेज का दौरा करके बीते दिनों डीएम डॉ. रूपेश कुमार ने सीएमओ को पूरा प्लान समझाया था। इस व्यवस्था के तहत 50 बेड संक्रमित मरीजों के लिए लगेगा व बाकी का शुरुआती लक्षण वालों को आइसोलेट करने के काम आएगा। डॉक्टर भी रहेंगे परिसर में
कालेज में जो डाक्टर व कर्मी मरीजों की देखभाल करेंगे वे अपने घर नहीं जाएंगे। उनको रहने के लिए भी यहीं पर अलग से आवासीय व्यवस्था कराई जाएगी। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि सेंट एंथोनी कालेज को अस्पताल बनाया जा रहा है। तैयारी जोरों पर है।