प्रमुख स्नान पर्वों पर स्पेशल ट्रेनों का होगा संचालन
गंगा के तट पर प्रयागराज में चल रहे माघ मेला में जाने-आने में श्रद्धालुओं को भटकना नहीं पड़ेगा। रेलवे द्वारा प्रमुख स्नान पर्व पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
जासं, प्रतापगढ़ : गंगा के तट पर प्रयागराज में चल रहे माघ मेला में जाने-आने में श्रद्धालुओं को भटकना नहीं पड़ेगा। रेलवे द्वारा प्रमुख स्नान पर्व पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
माघ मेला में गंगा स्नान करने को प्रतापगढ़ से हजारों लोग जाते हैं। यही नहीं इस जिले से होकर गोंडा, बस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी के भी लोग मेले में जाते हैं। ऐसे में मेला स्पेशल ट्रेन चलने से इन सब जिले के लोगों को सहूलियत होगी। खासकर पौष पूर्णिमा से लेकर महाशिवरात्रि स्नान पर्व पर तीर्थराज प्रयाग जाने वालों को ट्रेन की सख्त जरूरत थी। रेलवे ने जो रोस्टर जारी किया है उसके अनुसार अप-डाउन मिलाकर 32 ट्रेनें चलाई जाएंगी। पौष पूर्णिमा पर्व के लिए 27 जनवरी को अयोध्या से एक मेला स्पेशल शाम 7: 50 बजे चलेगी। रात दो बजे प्रयाग पहुंचेगी। फैजाबाद से दूसरी मेला स्पेशल रात 10:15 बजे चलकर रात में 3:30 बजे प्रयाग पहुंचेगी। मौनी अमावस्या पर 10 फरवरी को पहली ट्रेन दोपहर डेढ़ बजे चलेगी। यह रात आठ बजे प्रयाग पहुंचेगी। शिवरात्रि स्नान पर्व पर चार ट्रेन चलेंगी। बसंत पर्व के मौके पर 15 फरवरी को अयोध्या से शाम साढ़े सात बजे मेला स्पेशल चलेगी। रात 2.20 बजे प्रयाग आएगी। 16 फरवरी को प्रयाग से ढाई बजे दिन में अयोध्या के लिए और रात साढ़े नौ बजे फैजाबाद के लिए ट्रेन मिलेगी। माघी पूर्णिमा स्नानपर्व पर 26 फरवरी को अयोध्या से शाम सात बजकर पचास मिनट, रात सवा दस बजे फैजाबाद के लिए ट्रेन सुविधा है। महा शिवरात्रि पर 10 मार्च को अयोध्या- प्रयाग शाम सात पचास मिनट पर गाड़ी चलेगी। रात दो बजे प्रयाग पहुंचेगी।