गंभीर कोरोना मरीजों के लिए फिर मिले रेमडेसिविर इंजेक्शन
कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए जिदगी की उम्मीद जगाती खबर लखनऊ से आई है। शासन ने एक बार फिर जिले को रेमडेसिविर की खेप दी है।
जासं, प्रतापगढ़ : कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए जिदगी की उम्मीद जगाती खबर लखनऊ से आई है। शासन ने एक बार फिर जिले को रेमडेसिविर की खेप दी है।
कोरोना काल में यह महत्वपूर्ण इंजेक्शन अब तक यहां के बाजारों में मिलना शुरू नहीं हुआ है। जरूरतमंद लोग परेशान हैं। रेमडेसिविर के न मिलने से गंभीर मरीजों पर संकट था। अब कम से कम कोविड अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों को यह लग सकेगा। देखा जाए तो यह मेडिकल स्टोरों पर नहीं मिल रहा है। डाक्टर के लिखने पर मरीजों के तीमारदार पर्चा लेकर भटक रहे है। यह इंजेक्शन कोरोना में कारगर माना जा रहा है। इसका अभाव लोगों को परेशान कर रहा है। दुकानों पर यह इंजेक्शन अधिकृत रूप बेचने का लाइसेंस किसी के पास नहीं है। जबकि एक-दो जगह इसे बाहर से लाकर ब्लैक में बेचने की बात सुनी जा रही है। मरीजों की जान बचाने को परेशान लोगों से कई गुना अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। हालांकि अपर सीएमओ व कोविड व्यवस्था नोडल डा. सीपी शर्मा का कहना है कि यह इंजेक्शन केवल कोरोना के नाजुक केस में प्रयोग किया जाता है। कोविड एल-टू अस्पताल में इसे लगाया जाता है। एक खेप फिर मिली है।
--
शासन ने दिए आक्सीजन कसंट्रेटर
जासं, प्रतापगढ़ : जिले में अब तक आक्सीजन कसंट्रेटर का भारी अभाव था। लोग सांसों को टूटने से बचाने के लिए इसे खोज रहे थे। बाजार में भी यह नहीं मिल रहा था। यह खबर दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित की। इस पर विभाग ने रिपोर्ट शासन को भेजी व डिमांड की। इस पर मंगलवार को 25 आक्सीजन कसंट्रेटर प्रतापगढ़ को मिले। इनका उपयोग जिला अस्पताल व कोविड अस्पताल में मरीजों को राहत देने में किया जाएगा।