गाडि़या चलने से लौटी रंगत, खुला फूड प्लाजा
अब धीरे-धीरे ही सही रेलवे स्टेशन की रंगत लौटने लगी है। गाड़ियों की संख्या बढ़ने से यात्रियों की चहल-पहल भी देखी जा रही है। फूड प्लाजा में चाय-नाश्ते की खुशबू भी आने लगी है। कोरोना की दस्तक के साथ मार्च में ट्रेन संचालन सरकार ने रोक दिया था। इससे यात्रियों को मुश्किल हुई और स्टेशनों पर भी वीरानगी छा गई। बाद में श्रमिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू होने पर कुछ सन्नाटा टूटा।
जासं, प्रतापगढ़ : अब धीरे-धीरे ही सही रेलवे स्टेशन की रंगत लौटने लगी है। गाड़ियों की संख्या बढ़ने से यात्रियों की चहल-पहल भी देखी जा रही है। फूड प्लाजा में चाय-नाश्ते की खुशबू भी आने लगी है।
कोरोना की दस्तक के साथ मार्च में ट्रेन संचालन सरकार ने रोक दिया था। इससे यात्रियों को मुश्किल हुई और स्टेशनों पर भी वीरानगी छा गई। बाद में श्रमिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू होने पर कुछ सन्नाटा टूटा। अब अक्टूबर में प्रतापगढ़ से होकर सबसे पहले गंगा सतलज एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया। यह गाड़ी धनबाद से फिरोजपुर तक चल रही है। इसके बाद नीलांचल के पहिए घूमे। फिर मरुधर एक्सप्रेस शुरू हुई। इसके बाद भोपाल एक्सप्रेस भी दौड़ने लगी। मां वैष्णो देवी धाम के लिए अर्चना एक्सप्रेस चल ही रही है। आधा दर्जन गाड़ियों के चलने से यात्रियों का आना-जाना शुरू हुआ है। इसको देखते हुए आइआरसीटीसी ने अपनी कैंटीन भी शुरू कर दी है। लोको लाबी के पास मिनी कैंटीन चालू कर दी गई है। चाय, काफी, बिस्कुट, लंच पैकेट, पानी आदि की सेवा शुरू हो गई है। इसी के बगल में फूड प्लाजा भी संवारा जा रहा है। अभी यहां पर रेडीमेड खाद्य सामग्री मिल रही है।
-
अगले महीने से कुछ और गाड़ियां चलने की संभावना है। इसको देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को दुरुस्त किया जा रहा है।
-त्रिभुवन मिश्र, स्टेशन अधीक्षक