चाकू सटाकर पूजा पंडाल के दानपात्र से लूट ले गए पैसा
दुर्गा पूजा पंडाल की सुरक्षा में रहे युवक को चाकू सटाकर एक बदमाश दानपात्र से सारा पैसा लूट ले गया। वह खुद को आर्केस्ट्रा कलाकार बताकर समिति के अध्यक्ष से मिलने आया था। इस मामले में अध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
संवाद सूत्र, पट्टी : दुर्गा पूजा पंडाल की सुरक्षा में रहे युवक को चाकू सटाकर एक बदमाश दानपात्र से सारा पैसा लूट ले गया। वह खुद को आर्केस्ट्रा कलाकार बताकर समिति के अध्यक्ष से मिलने आया था। इस मामले में अध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
पट्टी कस्बे के मेला ग्राउंड में श्री मां दुर्गा पूजा समिति ने पंडाल लगाकर मां दुर्गा की मूर्ति स्थापना की है। गुरुवार को सुबह पंडाल की सुरक्षा के लिए कस्बे के मोनू सोनी मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक युवक पहुंचा और देवी जागरण का कार्यक्रम करने के लिए मोनू सोने से समिति के अध्यक्ष से मिलाने की बात कही। मोनू सोनी उसकी मुलाकात समिति के अध्यक्ष रवि मोदनवाल से कराई, लेकिन उन्होंने जागरण का कार्यक्रम करवाने से इन्कार कर दिया।
मोनू उस युवक के साथ लौटकर पंडाल आए। इसी बीच मोनू दीपक के लिए घी लेने बाजार चला गया। वापस आया तो देखा कि वह युवक दानपात्र का ताला तोड़कर पैसे निकाल रहा है। विरोध करने पर उसने मोनू को चाकू सटा दिया। इससे मोनू सहम गया और वह युवक दानपात्र से सारा पैसा समेटकर भाग निकला। युवक के जाने के बाद मोनू ने घटना की जानकारी समिति के अध्यक्ष रवि मोदनवाल को दी। दानपात्र से पैसा लूटने की बात सुनकर समिति के कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई। लोग बाइक से बदमाश को ढूढ़ने निकल पड़े, लेकिन उसका पता नहीं चला। समिति के अध्यक्ष रवि मोदनवाल ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।