आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस ने दी दबिश, बदसलूकी का आरोप
जानलेवा हमले के आरोपितों की तलाश में कंधई थाना क्षेत्र के गुतौली गांव में रविवार की शाम भारी तादाद में फोर्स ने दबिश दी। आरोपितों के घर की महिलाओं ने पुलिस पर बदसलूकी व घर में सामान में तोड़-फोड़ की। इसकी शिकायत सोमवार को एसपी से की गई।
संसू, दीवानगंज : जानलेवा हमले के आरोपितों की तलाश में कंधई थाना क्षेत्र के गुतौली गांव में रविवार की शाम भारी तादाद में फोर्स ने दबिश दी। आरोपितों के घर की महिलाओं ने पुलिस पर बदसलूकी व घर में सामान में तोड़-फोड़ की। इसकी शिकायत सोमवार को एसपी से की गई।
गुतौली गांव निवासी कृष्ण कुमार और राम सजीवन वर्मा के बच्चों के बीच नौ जून 2020 को मारपीट हुई थी। उस घटना में कृष्ण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने राम सजीवन वर्मा, रंजीत वर्मा, संतोष पटेल व अर्जुन पटेल के खिलाफ़ जानलेवा हमला, एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना के दिन एक आरोपित संतोष पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। अन्य तीन आरोपित फरार चल रहे थे।
तीनों आरोपितों रामसजीवन, रंजीत व अर्जुन की गिरफ्तारी के लिए कंधई व पट्टी पुलिस ने रविवार शाम 4:30 बजे दबिश दी थी। आरोपितों के स्वजनों का आरोप है कि आरोपितों के न मिलने पर पुलिस ने फ्रिज, कूलर, खिड़की के शीशे, अलमारी, बाक्स में तोड़-फोड़ किया। दबिश के दौरान घर पर कोई पुरुष नहीं था। महिलाएं और बच्चे ही थे। पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता भी की। भारी संख्या में फोर्स देख गांव में अफरा-तफरी मच गई थी।
उधर रामसजीवन के परिवार की संगीत देवी सहित आधा दर्जन से अधिक महिलाएं व बच्चे सोमवार को एसपी से मिले और मामले की जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की फरियाद की। सीओ पट्टी प्रभात कुमार ने बताया कि जानलेवा हमले के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए फोर्स गई थी। तोड़फोड़ और अभद्र व्यवहार की बात निराधार है। पुलिस सिर्फ अपना काम कर रही थी।