रोडवेज के रूट पर परमिट की बसें मंजूर नहीं
प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज के परंपरागत मार्गों पर परमिट की गाड़ियों का संचालन कर्मियों को बर्दाश्त नहीं है। इस मसले पर परिवहन निगम के कर्मचारी ही नहीं अधिकारी भी ऐ मंच पर आ गए हैं। संयुक्त मोर्चा बनाकर पूरे प्रदेश में इसका जमकर विरोध किया जा रहा है।
जासं, प्रतापगढ़ : प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज के परंपरागत मार्गों पर परमिट की गाड़ियों का संचालन कर्मियों को बर्दाश्त नहीं है। इस मसले पर परिवहन निगम के कर्मचारी ही नहीं अधिकारी भी ऐ मंच पर आ गए हैं। संयुक्त मोर्चा बनाकर पूरे प्रदेश में इसका जमकर विरोध किया जा रहा है।
मंगलवार को मोर्चा ने नगर के रोडवेज स्टेशन पर अपनी ताकत दिखाई। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश चंद्र पांडेय ने कहा कि कर्मचारी व अधिकारी रोडवेज की आय बढ़ाने में लगे हैं। अपनी जान की परवाह न करके वह सेवा दे रहे हैं और सरकार उनकी कमर तोड़ रही है। जिन मार्गों पर निगम की लाखों की आमदनी होती रही है उन पर निजी बस संचालन को बढ़ावा दे रही है। गोरखपुर से नोएडा रूट इसका उदाहरण है। सरकार की इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मृतक आश्रितों की नियुक्ति न करने व संविदा वालों को नियमित न करने का भी विरोध हम लोग कर रहे हैं। डिपो पर विरोध सभा का एलान इन्हीं कारणों से किया गया है। अब बुधवार को भी सभा करके डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह आवाज शासन तक पहुंचेगी। सभा में संयोजक चंद्र कुमार सिंह, राजमणि तिवारी, सुरेंद्र कुमार सिंह, आरपी शर्मा, ओपी दुबे, राजाराम सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, सुशील शर्मा, शिवकांत मिश्रा, लाल प्रताप सिंह, नसीर अहमद आदि ने भी विचार रखे। कहा किसरकार को कर्मचारी व निगम दोनों की चिता नहीं है। संविदा कर्मियों का शोषण किया जा रहा है। महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसका जमकर विरोध किया जा रहा है।