लक्ष्य से अधिक धान खरीद, फिर भी किसानों की भीड़
रामापुर गौरा स्थित धान क्रय केंद्र पर धान खरीद का लक्ष्य पूरा होने के बावजूद भी किसानों की भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी यहां दर्जनभर किसान अपने-अपने धान केंद्र पर बेचने के लिए तौल की आस लगाए बैठे हैं। विकासखंड गौरा में इस बार एक ही धान क्रय केंद्र रामापुर में बनाया गया है। केंद्र पर इस बार किसानों को धान बेचने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।
संवाद सूत्र, गौरा : रामापुर गौरा स्थित धान क्रय केंद्र पर धान खरीद का लक्ष्य पूरा होने के बावजूद भी किसानों की भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी यहां दर्जनभर किसान अपने-अपने धान केंद्र पर बेचने के लिए तौल की आस लगाए बैठे हैं। विकासखंड गौरा में इस बार एक ही धान क्रय केंद्र रामापुर में बनाया गया है। केंद्र पर इस बार किसानों को धान बेचने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। इस केंद्र पर धान खरीद को लेकर दिसंबर महीने में भीड़ के चलते कई बार हंगामे भी हुए। जागरण ने किसानों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो विभाग के मंडलीय अधिकारी से लेकर जिले के विभागीय अधिकारी तक कई बार यहां पहुंचे। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस केंद्र का दौरा कर केंद्र पर व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कराई, तब जाकर किसानों को राहत मिलना शुरु हुई है। इस केंद्र पर अब तक लक्ष्य से अधिक धान की खरीद हो चुकी है फिर भी किसानों की भीड़ जमा है। शुक्रवार को इस केंद्र पर धनुहा गांव के श्रीराम मिश्र, पूरेगोसाई के मनोज कुमार, शेखूपुर के प्रताप बहादुर पटेल, बोर्रा की विद्योत्तमा देवी सहित किसान केंद्र पर धान की तौल के लिए परेशान दिखे। इन किसानों का कहना है कि वह तीन-चार दिन से यहां धान लाकर तौल का इंतजार कर रहे हैं। अभी तक उनके धान की तौल नहीं हुई है। केंद्र प्रभारी एवं आनंद स्वरूप का कहना है कि इस बार केंद्र के लिए 15 हजार कुंतल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। केंद्र पर लक्ष्य से अधिक धान की खरीद का कार्य पूरा हो चुका है। गुरुवार तक केंद्र पर 531 किसानों से 20162 कुंतल धान की खरीद हो चुकी है। किसानों को 20 जनवरी तक के धान के लिए टोकन नंबर दिया गया है। नंबर से जो भी किसान केंद्र पर आ रहे हैं हर रोज उनके धान की खरीद हो रही है। कुछ किसान ऐसे भी हैं जो बिना टोकन के ही धान केंद्र पर गिरा देते हैं।