डाल्फिन को मारने का एक और आरोपित गिरफ्तार
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोथरिया गांव में करीब 12 दिन पहले शारदा सहायक नहर में डाल्फिन को मारने की घटना में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य पांच आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़/परियावां : नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोथरिया गांव में करीब 12 दिन पहले शारदा सहायक नहर में डाल्फिन को मारने की घटना में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य पांच आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोथरिया गांव में 31 दिसंबर को दोपहर शारदा सहायक नहर प्रयागराज ब्रांच में डाल्फिन दिखी थी। मौके पर पहुंचे रायबरेली जिले के ऊंचाहार के ग्रामीणों ने लाठी-कुल्हाड़ी से पीट-पीटकर डाल्फिन को मार डाला था। घटना की जानकारी मिलने पर नवाबगंज एसओ, एएसपी पश्चिमी दिनेशचंद् द्विवेदी, वन दारोगा भैयाराम पांडेय मौके पर पहुंचे थे और पोस्टमार्टम कराने के बाद डाल्फिन के शव को नहर के किनारे दफना दिया था। इस घटना में अज्ञात के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
हफ्ते भर पहले यानी सात जनवरी को दिन में डाल्फिन को ग्रामीणों द्वारा मारने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने वीडियो से आरोपितों को चिहित करके सात जनवरी को राहुल पुत्र छोटेलाल व अनुज पुत्र रामपाल निवासीगण हरिहरपुर थाना ऊंचाहार और राहुल पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी आजादनगर थाना ऊंचाहार, रायबरेली को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
इस घटना में पुलिस ने छह और आरोपितों को चिहित किया। पुलिस आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इस बीच नवाबगंज एसओ ने फोर्स के साथ गुरुवार को दिन में 11 बजे आरोपित आशीष पुत्र अशोक निवासी दंगसरी, थाना ऊंचाहार, रायबरेली को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपितों की तलाश पुलिस कर रही है। सभी आरोपित घर से फरार हैं। एसओ अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि डाल्फिन का शिकार करने की घटना में कुल नौ आरोपित चिहित किए गए हैं। तीन आरोपित पहले जेल भेजे जा चुके हैं। एक आरोपित को और गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।