छत्तीसगढ़ में मंदी का कोई असर नहीं : बघेल
प्रतापगढ़ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए जनता से सीधा
प्रतापगढ़ : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। वह जिस तरह का जवाब जनता से चाह रहे थे, सवाल भी उसी तरह से करते जा रहे थे। उनका फार्मूला सटीक बैठा। एक तीर से कई निशाना साधते हुए यह दावा किया कि उनके छत्तीसगढ़ में मंदी का कोई असर नहीं है। वह जिले की सदर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उप चुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. नीरज त्रिपाठी के समर्थन में गुरुवार को कांधरपुर बाजार में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
मंच पर आते ही जनता से सवाल किया कि आप लोगों का धान कितने में बिक रहा है, जनता ने उत्तर में 1700 रुपये क्विटल बताया। तपाक से उन्होंने बता डाला कि उनकी सरकार किसानों का यही धान ढाई हजार रुपये प्रति क्विटल की दर से खरीद रही है। ऐसे में योगी सरकार के समर्थन मूल्य का क्या मतलब रह गया। अब आप लोगों की समझ में आया कि किस तरह किसानों को ठगा जा रहा है। दूसरा सवाल योगी और मोदी सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, जवाब में चवन्नी सुनते ही बोल पड़े कि उन्होंने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों में किसानों का दस हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया था। उत्तर प्रदेश और प्रतापगढ़ के बहुत से लोग उनके राज्य में बसे हैं, उनसे पता लगा लें कि किस तरह छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के पांच हार्स पावर तक के लिए बिजली बिल माफ कर रखा है। पंद्रह हजार युवाओं को शिक्षक की नौकरी दी। वहां व्यापारियों को सारी सहूलियत दी जा रही हैं। मोदी की नीतियों के कारण आज पूरे देश में मंदी छायी हुई है, मगर छत्तीसगढ़ में मंदी का कोई असर नहीं है। आज देश में सबसे ज्यादा खस्ताहालत ऑटो मोबाइल क्षेत्र की बतायी जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में ऑटो सेल्स में 11 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। यह है मनमोहन और मोदी की नीतियों के फर्क का असर। उन्होंने योगी सरकार के समय में बेसहारा मवेशियों की दयनीय हालत का भी मुद्दा उठाया। कहा कि मेरी सरकार ने 35 लाख मवेशियों के लिए गोशाला बनाई है और वहां की देखरेख करने वाले चरवाहों को दस हजार रुपये मासिक देने की व्यवस्था की गई है। बड़ा राज्य होने के नाते उत्तर प्रदेश पूरे देश की राजनीति तय करता है और अब उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा प्रतापगढ़ से तय होगी।
वहीं इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी इस चुनावी सभा में अपने ठेठ देसी अंदाज में जनता से जुड़ते नजर आए। जनता के बीच भी हंसी के फव्वारे छूटे। उन्होंने जब यह कहा कि आप सब अब नीरज (कांग्रेस प्रत्याशी) के नाम क बटन दबाए त मोना दीदी (कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा मोना) के साथ नीरज विधानसभा में प्रतापगढ़ क आवाज बनिहें, इतना सुन जनता की तरफ से जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। यह भी बताने से नहीं चूके कि वह जब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री थे, तब उन्होंने कभी भी बिजली की दरों में इजाफा नहीं किया था। योगी सरकार तो अब तक दो बार दर बढ़ा जनता को लूट चुकी है। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी डा. नीरज त्रिपाठी, पूर्व विधायक राम सिंह पटेल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरसिंह मिश्र, नगर अध्यक्ष कपिल द्विवेदी, श्याम किशोर शुक्ल, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, इविवि पूर्व अध्यक्ष ब्रजेंद्र मिश्र, पार्षद मुकुंद तिवारी एवं दानिश सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे।