युवाओं के लिए रोजगार की उम्मीद बनेगा नया औद्योगिक क्षेत्र
राजे-रजवाड़ों का जिला प्रतापगढ़ रोजगार में काफी पीछे है। यहां पर बडे़ उद्योग की व्यवस्था न होने से बेकारी है। लोग रोज कमाने व खाने को विवश हैं। मजबूरी में बहुत से युवा परिवार का पालन करने के लिए रोजगार के लिए मुंबई गुजरात दिल्ली पंजाब जाते हैं। उनको वहां पर जलालत का सामना करना पड़ता है।
प्रतापगढ़ : राजे-रजवाड़ों का जिला प्रतापगढ़ रोजगार में काफी पीछे है। यहां पर बडे़ उद्योग की व्यवस्था न होने से बेकारी है। लोग रोज कमाने व खाने को विवश हैं। मजबूरी में बहुत से युवा परिवार का पालन करने के लिए रोजगार के लिए मुंबई, गुजरात, दिल्ली, पंजाब जाते हैं। उनको वहां पर जलालत का सामना करना पड़ता है। मजदूर बनकर पसीना बहाते रहते हैं। चंद पैसे लेकर घर आते हैं, तो वह भी पूरा नहीं पड़ता। यहां पर सुखपाल नगर औद्योगिक अस्थान है, पर वह बदहाल है। 10 कारखाने हैं, जो बहुत बड़े नहीं हैं। अब जिले के युवाओं को रानीगंज क्षेत्र के संसारपुर में काम मिल सकेगा। विधायक रानीगंज अभय कुमार धीरज ओझा ने इसके लिए लोकल स्तर पर औद्योगिक एरिया विकसित करने के बारे में सोचा। विधायक ने बीते 11 सितंबर को मुख्यमंत्री से मिलकर संसारपुर में औद्योगिक एरिया विकसित करने के लिए पत्र देकर मांग किया की थी। इस पर अपर सचिव लघु सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग ने जिलाधिकारी से 20 एकड़ भूमि निश्शुल्क प्रस्तावित कर रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी रानीगंज राहुल कुमार यादव ने संसारपुर मे एरिया विकसित करने के लिए भूमि प्रस्तावित कर इसकी रिपोर्ट डीएम के माध्यम से शासन को भेजी। अब शासन से औद्योगिक एरिया विकसित करने की मंजूरी मिलने पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। विधायक धीरज ओझा के इस प्रयास को लेकर क्षेत्र में लोग उत्साहित हैं। एसडीएम राहुल कुमार का कहना है कि नई पहल हुई है। शासन ने औद्योगिक एरिया विकसित करने के लिए कहा है। इस पर काम शुरू हो गया है। इससे बेरोजगारी दूर होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा।