राष्ट्रीय पक्षियों की बचाई जान, सम्मानित करेगा वन विभाग
खेत में काम करने के दौरान मिले दो राष्ट्रीय पक्षी मोर की जान एक दंपती ने बचाई। उनके इस कार्य की सराहना हो रही है। अब दैनिक जागरण के सहयोग से यह दंपती दोनों मोर को वन विभाग के हवाले करेंगे।
संसू, विश्वनाथगंज : खेत में काम करने के दौरान मिले दो राष्ट्रीय पक्षी मोर की जान एक दंपती ने बचाई। उनके इस कार्य की सराहना हो रही है। अब दैनिक जागरण के सहयोग से यह दंपती दोनों मोर को वन विभाग के हवाले करेंगे।
मानधाता क्षेत्र के बुआपुर के लालजी पटेल व उसकी पत्नी संतरा देवी ने खेतों में काम करने के दौरान दो दिन पहले मोर के दो बच्चे देखे। उन बच्चों को जंगली कुत्तों ने दौड़ाया था। वह दोनों को कुछ ही पल में अपना निवाला बनाने के लिए उनको गिरा दिए थे। इसी बीच नजर पड़ने पर लालजी व संतरा देवी के साथ ही उसका बेटा अच्छे पटेल दौड़ पड़े। मोर के बच्चों को कुत्तों से बचाया। कुत्तों को लाठी लेकर खदेड़ा। इसके बाद घर ले जाकर दोनों मोर का उपचार कराया। उनकी देखभाल में लग गए। उनकी रखवाली कर रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को किसी ने उनको डरा दिया कि राष्ट्रीय पक्षी को घर पर रखना गुनाह है, तुम्हारे विरुद्ध कार्रवाई होगी। इस पर दंपती डर गए। वह कहने लगे कि हमने तो इनके प्राण बचाए। हमारी क्या गलती। अगर हम इसे यूं ही छोड़ देंगे तो फिर कोई जानवर हमला कर देगा। ऐसे में वन विभाग कुछ करे। इस बीच यह मामला दैनिक जागरण के संज्ञान में आया। जागरण ने डीएफओ वरुण सिंह से बात की। उनको पूरा मामला बताया कि पर्यावरण व जीव जंतु संरक्षण का यह उदाहरण है। इसे तो प्रोत्साहन मिलना चाहिए। इस पर डीएफओ ने कहा कि दंपती ने नेक कार्य किया है। उनको विभाग सम्मान पत्र प्रदान करेगा। साथ ही मोर के दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में भी लेगा।