सदर बाजार से चिलबिला तक लगा लंबा जाम
शहर के सदर बाजार से चिलबिला तक सोमवार को दोपहर दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। ऐसे में दो घंटे तक लोगों को जाम में फंसना पड़ा। जाम को खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़ : शहर के सदर बाजार से चिलबिला तक सोमवार को दोपहर दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। ऐसे में दो घंटे तक लोगों को जाम में फंसना पड़ा। जाम को खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
वैसे तो जब से लगन का सीजन शुरू हुआ है, रोज शहर में हाईवे और प्रमुख मार्गों पर जाम लग रहा है। दिन भर वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। सोमवार को लगन बहुत तेज थी। अधिकांश मैरिज हाल बुक थे। ऐसे में सुबह दस बजे से वाहनों का आवागमन बढ़ गया था। शहर में रुक-रुक कर बाबागंज, चौक, ठठेरी बाजार, सदर मोड़, चिलबिला में हाईवे पर जाम लग रहा था। चौक-राजापाल टंकी चौराहा, ट्रेजरी चौराहा-चुंगी चौराहा मार्ग पर भी जाम लगता रहा।
दोपहर करीब 12 बजे आमने-सामने दो से तीन की कतार में वाहनों के आ जाने से सदर बाजार से लेकर चिलबिला तक लंबा जाम लग गया। सई पुल से बाइक सवार भी नहीं निकल पा रहे थे। जाम की लाइन बढ़ती देख पुलिस कर्मी सक्रिय हुए। टीएसआइ, चिलबिला चौकी प्रभारी एहसानुल हक, कोतवाल विपिन सिंह फोर्स के साथ जाम हटवाने लगे। जिन लोगों की वजह से जाम लगा था। पुलिस कर्मियों ने उन्हें फटकार लगाकर कतार में कराया। जाम हटवाने में पुलिस को करीब दो घंटे तक जूझना पड़ा।
उधर, रात में हाईवे पर निकल रही बरात के कारण भी लोग जाम लग रहा है। बैंड बाजे की धुन पर लोग हाईवे पर थिरकते रहते हैं। उन्हें पीछे फंसे वाहन सवार नहीं दिखाई पड़ते हैं। रविवार को तो हद हो गई। एक बरात गोपालापुर स्थित मैरिज हाल जानी थी। वह बरात चौक घंटाघर से उठी। यहां से बराती बैंड बाजे व डीजे की धुन पर थिरकते हुए हाईवे पर चल रहे थे। इससे चौक घंटाघर से लेकर बाबागंज तक जाम लग गया था।
रानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार सहालग के दौर में रानीगंज बाजार में हर रोज जाम लग रहा है, लेकिन पुलिस इस ओर अंजान बनीं है। इससे लोग घंटों जाम के झाम में पिसना पड़ रहा है। शादी विवाह के दिनों में बाजार में जहां भीड़ है, वहीं वाहनों की लंबी कतार से जाम लग रहा है। चौराहे पर होमगार्ड की ड्यूटी लगाकर पुलिस अपना कोरम पूरा कर रही है। जबकि चौराहे पर पुलिस की तैनाती होनी चाहिए, जिससे जाम न लग सके। रानीगंज मे हर रोज जाम से लोग परेशान हैं। सोमवार को करीब 12 बजे से चार बजे तक जाम लगा रहा। फिर शाम को जाम लग गया। पुलिस नजर नहीं आई, लोग परेशान होते रहे। एसओ मनोज कुमार तिवारी का कहना है कि चौराहे पर पुलिस तैनात की जाएगी, ताकि जाम न लग सके।