दरियापुर बूथ पर स्वजनों सहित जिपं प्रत्याशी पर लाठी-ईंट से किया हमला
दरियापुर बूथ पर वोट के निशान का पहचान कराने का विरोध करने पर स्वजनों सहित जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी पर लाठी-ईंट से हमला कर दिया गया। इससे बूथ पर भगदड़ मच गई। इस हमले में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी सहित छह लोग घायल हो गए।
संवाद सूत्र, रानीगंज : दरियापुर बूथ पर वोट के निशान का पहचान कराने का विरोध करने पर स्वजनों सहित जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी पर लाठी-ईंट से हमला कर दिया गया। इससे बूथ पर भगदड़ मच गई। इस हमले में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी सहित छह लोग घायल हो गए।
शिवगढ़ ब्लाक के पूरे गोसाई गांव के रहने वाले रमेश चंद्र त्रिपाठी उर्फ लल्लू रसिया और सूरज त्रिपाठी शिवगढ़ द्वितीय सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। इनके गांव का बूथ दरियापुर कोट गांव में बनाया गया है। दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक बूथ के पास डटे थे। रमेशचंद्र का आरोप है कि सूरज त्रिपाठी और उनके पक्ष के लोग सुबह से ही बूथ पर मतदाताओं को अपना चुनाव निशान दिखा रहे थे। इसका वह विरोध कर रहे थे।
इसी बात को लेकर दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इस दौरान सूरज त्रिपाठी के पक्ष के लोगों
ने लाठी-डंडे से रमेशचंद्र त्रिपाठी सहित उनके स्वजनों पर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर चलने से बूथ पर भगदड़ मच गई। खुद को बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में रमेशचंद्र त्रिपाठी (48), उनके बेटे हिमांशु (14), भाई ओम प्रकाश त्रिपाठी (60), भतीजा चंचल (16), अवनीश त्रिपाठी (20), मधुकर त्रिपाठी (38) घायल हो गए। घायलों को फौरन सीएचसी गौरा लाया गया। दूसरे पक्ष से राजेश तिवारी, पवन तिवारी को चोटें आई हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलने एसओ पवन त्रिवेदी, सीओ डा.अतुल अंजान त्रिपाठी, एसडीेएम राहुल यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद बूथ पर और फोर्स तैनात कर दी गई। मारपीट के कारण कुछ देर तक मतदान रुका रहा।