करवा चौथ आज, तैयारी में चहके बाजार
प्रतापगढ़ पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाएं गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। देर रात तक बाजार खुले रहे
प्रतापगढ़ : पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाएं गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। व्रत और पूजन के लिए बुधवार को तैयारी की जाती रही। पूजन सामग्री व साड़ी, चूड़ी खरीदने को महिलाएं बाजारों में उमड़ पड़ीं। कोई पति के साथ तो कोई सास, देवर के साथ बाजार जाकर पूजन सामग्री खरीदतीं नजर आईं। भीड़ के कारण श्रीराम चौराहा व पंजाबी मार्केट में पूरे दिन जाम लगता रहा।
श्रीराम चौराहा और पंजाबी मार्केट में बड़ी संख्या में पूजन सामग्री की दुकानें लगी हैं। साड़ियों का भी यही मुख्य हब है। आंबेडकर चौराहा पर भी दुकानें लगी हैं। महिलाओं ने अपने हाथों में सुहाग की प्रतीक मेहंदी भी रचाई। कुछ ने घर पर तो कुछ ने ब्यूटी पार्लर में जाकर आकर्षक डिजाइन में मेहंदी लगवाई। कुछ ने पिया का नाम भी मेहंदी से लिखवाया। यह व्रत सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र व आपसी संबंध को मधुर बनाए रखने के लिए करती हैं। पति-पत्नी के रिश्तों को इससे नई ऊर्जा मिलती है। इस वर्ष करवा चौथ का व्रत रोहिणी नक्षत्र में पड़ रहा है। चंद्रमा अपनी प्रिय पत्नी रोहणी के संग रात आठ बजे सुहागिनों को दर्शन देंगे। पं. आलोक मिश्र का कहना है कि महिलाएं भगवान शिव, पार्वती व श्रीनारायण का ध्यान करके पूजन करें। विधि पूर्वक पूजन करें तो मां पार्वती उनकी कामना पूरी करेंगी। पूजन के समय लाल, पीले और चटकीले रंगों के वस्त्र पहनें। ऐसा करना शुभकारक होता है।
--
राजस्थानी चुनरी पहली पसंद :
सुहागिनों ने अपनी पसंद की साड़ी भी खरीदी है। करवा चौथ पर परंपरा के अनुसार नए वस्त्र ही पहने जाते हैं। व्रत-पूजन के लिए महिलाओं विविध परिधान खरीदे हैं। वस्त्र कारोबारी रवि अग्रवाल बताते हैं कि महिलाओं को चुनरी वाली साड़ी अधिक पसंद आई। नारंगी, क्रीम कलर, धानी, पीले रंग की चुनरी खूब पसंद की गई। बनारस की बनी सिल्क साड़ी और वेलवेट की साड़ी भी पसंद में शामिल रही।
--
खनखनाएगी बोन पालिश की चूड़ी
सुहागिनों की कलाई भी खास तरह से सजेगी। वह चूड़ी पसंद करने में कोई जल्दबाजी करती नहीं दिखीं। उन्होंने फिरोजाबादी बोन पालिश की चूड़ी इस बार अधिक पसंद की। चूड़ी कारोबारी रईस अहमद बताते हैं कि यह चूड़ी कांच की होती है, जिसकी खनखनाहट अलग ही होती है। यह जल्दी टूटती भी नहीं। अधिकांश महिलाओं ने चूड़ी को कड़ा और कंगन के साथ सेट बनाकर खरीदा ताकि उनकी कलाई सुंदर लगे।