कंधई के युवक की अमेठी में हादसे में मौत
बाइक से जा रहे युवक की हादसे में जान चली गई। वह अपनी बहन के घर जा रहा था।
संसू, दीवानगंज : कंधई थाना क्षेत्र के ईशनपुर गांव निवासी शुभम सिंह (22) पुत्र हरि बक्स सिंह मंगलवार दोपहर बाइक से अपनी बड़ी बहन के यहां अमेठी शहर के पास कोरारी गांव जा रहा था। सायं लगभग ढाई बजे वह अमेठी शहर के पहले कटरा गांव के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रही अनियंत्रित पिकअप डाला ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर आस पास के लोगों ने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस दौरान पिकप चालक पिकअप छोड़कर वहां से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची अमेठी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात शुभम का शव ईशनपुर गांव लाया गया तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शुभम दो बहनों तथा दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह बड़े भाई शैलेंद्र के साथ जम्मू शहर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और बुधवार को जम्मू जाने के पूर्व बहन से मिलने के लिए अमेठी के कोरारी गांव जा रहा था। किंतु उसके पहले ही वह दुनिया से चल दिया। शुभम के पिता की छह माह पूर्व ही मौत हो गई है। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी दोनों भाइयों पर थी। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, कौशांबी भाजपा प्रभारी ओम प्रकाश त्रिपाठी, शचींद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम पांडेय, दीपक सिंह, ग्राम प्रधान नासिर, विनय ओझा ने शोक संवेदना व्यक्त की है।