घायल वृद्ध की हुई मौत, दूसरी पत्नी पर पिटाई का आरोप
ढकवा बाजार आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पूरा गांव में तीन दिन पहले घायल हुए वृद्ध की गुरुव
ढकवा बाजार : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पूरा गांव में तीन दिन पहले घायल हुए वृद्ध की गुरुवार की रात मौत हो गई। मृतक की पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी की पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरा गांव निवासी राममूरत (65) ने करीब 15 साल पहले दूसरी शादी केसा देवी से की थी। वह दूसरी पत्नी और बेटी खुशबू (14) के साथ पैतृक घर पर रहता था। जबकि पहली पत्नी कमला देवी भतीजे और परिवार के अन्य लोगों के साथ ढकवा चौराहे के पास रहती थी। इस बीच 18 मई को तबीयत खराब होने पर राममूरत को जौनपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उसे गुरुवार को आइसीयू में भर्ती कराने की सलाह चिकित्सकों ने दी, लेकिन उसकी पत्नी केसा देवी उसे शाम को अस्पताल से लेकर घर चली आई। यहां घर पहुंचने पर रात करीब आठ बजे राममूरत की मौत हो गई। राममूरत की मौत होने की जानकारी पर पहली पत्नी कमला देवी स्वजनों के साथ पैतृक घर पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस मृतक के घर पहुंची और उसकी पहली व दूसरी पत्नी से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद सुबह आने की बात कहकर पुलिस लौट गई। इस बीच शुक्रवार को कमला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसके पति को गिरने से चोट लगने की बात कहकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसे आशंका है कि उसके पति की पिटाई से मौत हुई है। चिकित्सकों की सलाह पर आइसीयू में भर्ती करने के बजाय केसा देवी उसे लेकर घर चली आई। ऐसे में इलाज में लापरवाही से उसके पति की मौत हो गई। कमला देवी ने मौत की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस से पति के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इस पर पुलिस ने शुक्रवार को दोपहर राममूरत का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के सबसे बड़े भाई सालिकराम हैं, राम मूरत मझला था।सबसे छोटा भाई लालता प्रसाद है। राममूरत की पहली पत्नी जेठ व देवर के परिवार के साथ रहती है। एसओ अमरनाथ राय ने बताया कि मृतक की पहली पत्नी ने तहरीर देकर अपने पति को मारने पीटने व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।