शान से लहराया तिरंगा, याद किए गए आजादी के दीवाने
जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। सरकारी गैर सरकारी संस्थानों के प्रमुखों द्वार
जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों के प्रमुखों द्वारा तिरंगा फहराया गया। शहर से लेकर अंचल तक स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कोरोना के खतरे को ध्यान में रखते हुए फिजिकल डिस्टेंसिग मानक का पालन किया गया। कहीं भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।
कलेक्ट्रेट में डीएम डा. रूपेश कुमार ने ध्वज फहराया। राष्ट्रगान गाया और झंडे को सलामी दी। उन्होंने कहा कि अनगिनत बलिदानियों ने हमें आजादी की विरासत सौंपी है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह स्वतंत्रता को अक्षुण्य रखे। संविधान की रक्षा करे और देश के विकास में योगदान दें। डीएम ने लोगों को कोरोना वायरस से पैदा हुए हालात से बचने को भी जागरूक किया। सुकमा के नक्सली हमले में घायल प्रतापगढ़ के कमांडो मो. एखलाक को सम्मानित किया। संचालन एडीएम शत्रोहन वैश्य ने किया। जीजीआइसी की छात्राओं ने मो. अनीश के संयोजन में देश गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद डीएम ने महिला अस्पताल और जेल में फल वितरण किया। सीएमओ कार्यालय में डा. एके श्रीवास्तव ने ध्वज फहराया। कोरोना योद्धा सम्मान से आरपी सिंह, सौरभ मिश्रा, वत्सला सिंह आदि को नवाजा।
बीएसए कार्यालय में बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद परिसर में पौधारोपण किया। इस मौके पर राम कुमार सिंह, सुशील कुमार सिंह, अजय दुबे आदि मौजूद रहे। डीआइओएस सर्वदानंद ने अपने कार्यालय पर ध्वज फहराया। आरपीएफ थाने पर इंस्पेक्टर सीपी मिश्रा ने तिरंगा फहराया। जीआरपी थाने पर एसओ फूल सिंह ने ध्वज फहराया। नगर पालिका कार्यालय पर अध्यक्ष प्रेमलता सिंह ने तिरंगा फहराया। इसके बाद ईओ मुदित सिंह की अगुवाई में अध्यक्ष ने कदंब, पीपल का पौधारोपण किया। विकास भवन में सीडीओ डा. अश्वनी कुमार पांडेय ने ध्वज फहराया। इसी तरह महुली मंडी में सचिव रमेश चंद्र पांडेय, डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह, डीएसओ कार्यालय पर सुनील कुमार, दूर संचार निगम कार्यालय पर टीडीएम राघवेंद्र कुमार, श्रम विभाग के कार्यालय पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी डा. महेंद्र प्रताप सिंह, डीसी एनआरएलएम कार्यालय पर डीसी ओपी यादव ने ध्वज फहराया।