फरमान न मानने पर पति को किया लहूलुहान
प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के तिबीपुर निवासी एक युवक को पत्नी द्वारा परिवार से अलग
प्रतापगढ़ : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के तिबीपुर निवासी एक युवक को पत्नी द्वारा परिवार से अलग रहने का फरमान न मानना महंगा पड़ गया। नाराज महिला ने अपने पति को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पत्नी की मार से बचने के लिए लहूलुहान युवक एक मकान में घुस गया, तब जाकर उसकी जान बच पाई।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के तिबीपुर निवासी मूलचंद्र मजदूरी करता है। उसकी पत्नी का आए दिन परिवार के दूसरे सदस्यों से झगड़ा होता रहता है। सोमवार की सुबह भी परिवार के लोगों से झगड़ा चल रहा था। मूलचंद्र सुबह सात बजे किसी काम से घर से बाहर जाने लगा तो उसकी पत्नी ने रोक लिया। उसने तत्काल परिवार के लोगों से अलग रहने का फरमान सुना दिया। पति ने उसे समझाना चाहा, लेकिन वह नहीं मानी, बल्कि उसने पति को चांटा जड़ दिया। पति ने विरोध किया तो पत्नी ने डंडा उठा लिया और उस पर टूट पड़ी। गांव वाले मूकदर्शक बने रहे। पत्नी की पिटाई से घायल पति लहुलूहान हो गया और एक मकान के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया। एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। पति-पत्नी दोनों को थाने बुलवाया गया है।