आंवले का समर्थन मूल्य निर्धारित करे सरकार : जिलाध्यक्ष
संसू प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को
संसू, प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जिला कचहरी में प्रदेश के गन्ना किसानों व जिले के आंवला किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की। अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र ने कहा कि सरकार आंवले का समर्थन मूल्य निर्धारित करे, जिससे उनकी उपज का सही मूल्य उन्हें मिल सके। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का गन्ना किसान परेशान है, उसकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों को गन्ने के बकाए का भुगतान नहीं मिल पा रहा है, ऊपर से पराली जलाने का मुकदमा अलग से झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ जनपद में अधिकांश भू-भाग पर आंवले की खेती हो रही है। यहां का आंवला किसान बेहाल है। आवंले का सरकार द्वारा कोई समर्थन मूल्य निर्धारित न होने की वजह से आवंले का उचित मूल्य किसानों को नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह से आवंला किसान भुखमरी के कगार पर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वन डिस्टिक्ट वन प्रोडक्ट का नारा देकर प्रतापगढ़ जिले का प्रोडक्ट आवंला को चुना था, पर इस दिशा में कोई काम नहीं किया। कहा कि अब कांग्रेस जन किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन कर सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाने का काम करेंगे। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह प्रकाश मिश्र, डॉ. वीके सिंह, यमुना प्रसाद पांडेय, रोहित शुक्ला, कपिल द्विवेदी, सुनील चंद्र त्रिपाठी, इरफान अली, नीरज त्रिपाठी, सलीम उल्लाह राइन, प्रशांत देव शुक्ल, सुरेश
मिश्रा, उज्जवल शुक्ल, विवेक तिवारी, श्याम शंकर तिवारी, अब्दुल रहमान आदि मौजूद रहे। संचालन सूर्य प्रकाश शुक्ल ने किया।