चूल्हे की चिगारी से लगी आग, दो सिलेंडर फटे
महड़ौरा गांव की निषाद बस्ती में शनिवार दोपहर चूल्हे की चिगारी ने कोहराम मचा दिया। आग की चपेट में रसोई गैस के दो सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई।
संवाद सूत्र, ढकवा बाजार : महड़ौरा गांव की निषाद बस्ती में शनिवार दोपहर चूल्हे की चिगारी ने कोहराम मचा दिया। आग की चपेट में रसोई गैस के दो सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। इससे आठ परिवारों की गृहस्थी राख हो गई।
महड़ौरा गांव की निषाद बस्ती निवासी धनपत्ती देवी शनिवार दोपहर चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक चूल्हे की चिगारी से छप्पर में आग लग गई। कुछ ही देर में बगल रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से फट गया। बगल में राम अवध के छप्परनुमा मकान को चपेट में ले लिया, जिससे उनका भी गैस सिलेंडर फट गया।
इससे आग बढ़ती चली गई और पल भर में ही गांव के राम चरन, दयाराम, शिवचरन, सभाजीत, प्रदीप, अर्जुन के छप्पर भी धू-धूकर जलने लगे। आग की लपटों को देखकर गांव के लोग जुट गए। जैसे तैसे आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर एसओ सुनील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने भी नुकसान का जायजा लिया। दमकल देर से पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश
संसू, ढकवा बाजार : महड़ौरा गांव की निषाद बस्ती में अग्निकांड में आठ परिवारों के बीस छप्पर जलकर राख हो गए। सूचना देने के बाद भी मौके पर दमकल नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों का कहना था कि आग भड़कते ही तत्काल घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई थी।
------------------
आसमान के नीचे आ गए आठ परिवार
महड़ौरा गांव में भड़की आग में मजदूर परिवारों का ही नुकसान हुआ है। पल भर में आग ने ऐसी तबाही मचाई की कि आठ परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए। पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन से तत्काल आर्थिक मदद देने की मांग की है।