जिलाधिकारी ने कोविड चिकित्सालय का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल के कोविड-19 एल-टू चिकित्सा
जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल के कोविड-19 एल-टू चिकित्सालय में कोविड-19 के बचाव एवं रोकथाम के संबंध में बैठक की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों एवं होम आइसोलेशन मरीजों की देखरेख निरंतर की जाए। कोविड अस्पताल सेन्ट अन्थोनी इंटर कालेज में साफ-सफाई एवं सेनेटाइजेशन का कार्य समय-समय पर किया जाए। कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों को खान-पान, दवाओं की उपलब्धता आदि की निरंतर निगरानी अपनी देख-रेख में करें।जिलाधिकारी ने जिला महिला अस्पताल के एल-टू चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एल-2 चिकित्सालय में भर्ती उपजिलाधिकारी सदर से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने एल-टू चिकित्सालय में हर बेड पर ऑक्सीजन की उपलब्धता, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था को देखा। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि जो भी 60 वर्ष के ऊपर गंभीर मरीज एल-वन हास्पिटल में भर्ती हैं, यदि उनमें कोई गंभीर लक्षण दिखायी दें तो उन्हें तत्काल एल-टू हास्पिटल में भर्ती किया जाये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डा अरविद कुमार श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।