शिवालयों में हर-हर और बम-बम की रही गूंज
सावन में हर ओर आस्था व भक्ति की लहर है। पहले दिन से ही भोले के भक्त मगन हैं। वह कोरोना की पाबंदियों के बीच शिवालयों में दर्शन को पहुंच रहे हैं।
प्रतापगढ़ : सावन में हर ओर आस्था व भक्ति की लहर है। पहले दिन से ही भोले के भक्त मगन हैं। वह कोरोना की पाबंदियों के बीच शिवालयों में दर्शन को पहुंच रहे हैं। भोर से लेकर देर शाम तक पूजन चल रहा है। फिजिकल दूरी का पालन करते हुए भक्तों ने बुधवार को भी दर्शन करके महादेव से सबके कल्याण का आशीर्वाद मांगा। जयकारे लगते रहे। इस बार कांवर वाले भक्तों की कतार नहीं दिख रही, क्योंकि कांवर यात्रा पर पाबंदी है।
जिले के घुइसरनाथ धाम, बेलखरनाथ धाम, हौदेर्श्वर नाथ धाम, भयहरण नाथ धाम सहित मंदिरों में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कोई भक्त शिवलिग को कोई स्पर्श नहीं कर पा रहा है। यही नहीं भक्तों की थर्मल जांच भी की हो रही है। बुधवार को घुइसरनाथ धाम पर आस्था के कई रंग दिखे। हर-हर, बम-बम के जयघोष के बीच भक्तों ने मास्क लगाकर व दूरी बनाकर जलाभिषेक किया। आरती के बाद जलाभिषेक शुरू हुआ। तांबे व कच्ची मिट्टी के पात्र में जल, फूलमाला व प्रसाद लिए श्रद्धालु लाइन में खड़े रहे। महंत मयंक भाल गिरि, विशाल मिश्र श्रद्धालुओं के सहयोग में रहे।
--
जल शक्ति मंत्री ने बाबा बेलखर का किया दर्शन
फोटो 08 पीआरटी- 33 संसू, दीवानगंज : क्षेत्र के बाबा बेलखरनाथ धाम पर सावन के तीसरे दिन बुधवार को भी श्रद्धालुओं का दिन भर आना-जाना लगा रहा। भगवान भोलेनाथ के भाव में लीन श्रद्धालुओं ने विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दर्शन पूजन किया। शाम को जल शक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह भी धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन पूजन के बाद स्थानीय सेवा समिति के लोगों से मिलकर धाम पर श्रद्धालुओं की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अनियमित विद्युत कटौती को देखते हुए मुख्य मंदिर में मंत्री ने छह लाख 96 हजार रुपये की लागत की साढ़े छह वाट का सौर्य उर्जा उपकरण श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दान दिया। एसडीएम पट्टी डीपी सिंह, एसओ कंधई विपिन कुमार सिंह, दीवानगंज चौकी इंचार्ज अभय सिंह के साथ ही स्थानीय सेवा समिति के रमानाथ सिंह, नरेंद्र प्रसाद ओझा, विश्वनाथ गिरी, अजीत ओझा, जैकी सिंह सहित अन्य लोग भी रहे।