जानलेवा हुई ठंड, युवक व कौवों की मौत
जिले में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड रही। ठंड अब जानलेवा हो गई है। इससे जहां कुंडा क्षेत्र में एक युवक की मौत हो गई। वहीं रानीगंज क्षेत्र में पांच कौवों व एक उल्लू की भी जान चली गई। कोहरे व शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। बुधवार को कड़ाके की ठंड थी। दिन में दो बजे के बाद धूप निकली जो बेअसर रही। न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच गया। लोग अलाव के सहारे रहे। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि न्यूनतम तापमान चार व अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमोत्तर की हवाएं चल रहीं थीं।
संसू, प्रतापगढ़ : जिले में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड रही। ठंड अब जानलेवा हो गई है। इससे जहां कुंडा क्षेत्र में एक युवक की मौत हो गई। वहीं रानीगंज क्षेत्र में पांच कौवों व एक उल्लू की भी जान चली गई। कोहरे व शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। बुधवार को कड़ाके की ठंड थी। दिन में दो बजे के बाद धूप निकली, जो बेअसर रही। न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच गया। लोग अलाव के सहारे रहे। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि न्यूनतम तापमान चार व अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमोत्तर की हवाएं चल रहीं थीं।
कुंडा प्रतिनिधि के अनुसार मानिकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोल्हुआ खमसरा मजरे फुलवरिया निवासी वीरेंद्र कुमार यादव (35) पुत्र देवी गुलाम की ठंड से मौत हो गई। मंगलवार शाम वह बाग से सूखी लकड़ियां काट कर घर आ रहा था कि गांव के समीप वह अचानक गिर पड़ा। स्वजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन हालत में कोई सुधार नही हुआ। इसके बाद स्वजन उसे उपचार के लिए सीएचसी कुंडा ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजनों के अनुसार मंगलवार सुबह से ही वह अस्वस्थ था। वीरेंद्र मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्री नैंसी देवी सात, तमन्ना चार वर्ष, डेढ़ वर्षीय बेटा जैस यादव हैं। परिवार की देखभाल करने वाला अब कोई नहीं है। इसे लेकर स्वजन रो- रोकर बेहाल हो गए। रानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार फतनपुर थाना क्षेत्र के बिच्छूर गांव में एक बाग में मंगलवार को सुबह पांच कौवे व एक उल्लू की मौत हो गई। प्रधान राजेंद्र पाल ने इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी। बिच्छूर गांव में मंगलवार की सुबह गांव के लोग बाग में शौच को गए तो देखा पांच कौवे, एक उल्लू मरे पड़े थे। इसकी सूचना प्रधान को गांव के लोगों ने दी तो प्रधान ने वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पीआरबी पुलिस पहुंची और गांव के लोगों के सहयोग से मृत कौवा व उल्लू को गांव में दफना दिया। एसओ फतनपुर गणेश सिंह ने बताया कि कौवों व उल्लू की मौत होने की सूचना पर पुलिस गई थी। गांव में एक बाग में उन्हें दफना दिया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय प्रताप सिंह ने बताया कि ठंड से रानीगंज क्षेत्र में कौवों व उल्लू की मौत हुई है।