पेड़ पर फंदे से लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरबपट्टी गांव में रविवार को दोपहर घर से निकले युवक का शव सोमवार की सुबह पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। मृतक की मां ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। करीब दोपहर 12 बजे सीओ पहुंचे और चारों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इसके बाद परिवार वालों ने करीब साढ़े चार घंटे बाद शव पुलिस को ले जाने दिया।
कोहंड़ौर : स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरबपट्टी गांव में रविवार को दोपहर घर से निकले युवक का शव सोमवार की सुबह पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। मृतक की मां ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। करीब दोपहर 12 बजे सीओ पहुंचे और चारों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इसके बाद परिवार वालों ने करीब साढ़े चार घंटे बाद शव पुलिस को ले जाने दिया।
कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के पूरबपट्टी (भनईपुर) गांव निवासी कन्हैयालाल वर्मा (21) पुत्र माता प्रसाद वर्मा प्रयागराज में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। लॉकडाउन के बाद से वह घर पर ही रह रहा था। रविवार को दिन में करीब 11 बजे उसकी मां कर्मा देवी घर में खाना बना रही थी। वह अपनी छोटी बहन कविता को बताकर गया कि थोड़ी देर में लौटकर आ रहा है, लेकिन वह लौटकर घर नहीं आया। शाम होने पर परिवार वाले उसे खोजने लगे, पर उसका कुछ पता नहीं चला।
इस बीच सोमवार की सुबह करीब सात बजे चमरौधा नदी के किनारे स्थित महादेवन मंदिर के पास एक चिलबिल के पेड़ फांसी के फंदे से लटका हुआ कन्हैयालाल का शव ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों के बताने पर मृतक की मां सहित घर वाले भागकर मौके पर पहुंचे और रोने बिलखने लगे। लोगों ने देखा कि कन्हैया का पैर जमीन से छू रहा था। इस पर कन्हैया की मां हत्या का आरोप लगाने लगी।
इस बीच घटना की जानकारी प्रधान विजय सिंह ने कोहंड़ौर पुलिस को दी। साढ़े सात बजे डॉयल 112 पुलिस पहुंची। दो घंटे बाद करीब साढ़े नौ बजे एसओ राकेश प्रजापति
मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरा। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाह रही थी, लेकिन घर वालों ने चारों आरोपितों को पकड़े बिना शव उठाने नहीं दिया। दोपहर करीब बारह बजे घटना स्थल पर पहुंचे सीओ सिटी अभय पांडेय ने मृतक की मां और घर वालों से बात की तो वे गांव के ही एक ही परिवार के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। इस पर सीओ चारों आरोपितों को हिरासत मे लेकर थाने चले गए। तब दोपहर दो बजे पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
कन्हैया का पिता माता प्रसाद वर्मा मुंबई में ट्रक चलाता है। बेटे की मौत की सूचना पर वह रास्ते में ही ट्रक खलासी के सहारे छोड़कर घर के लिए चल दिए। कन्हैयालाल उसका इकलौता बेटा था। उसकी दो छोटी बहन कविता (18 ) और बबिता (16) हैं। कविता इंटर और बबिता कक्षा सात की छात्र हैं। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जमीन की रंजिश में हुए विवाद में पड़ोसियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी।
भूमि विवाद व आशनाई की होती रही चर्चा
कोहंडौर : भनईपुर गांव में कन्हैयालाल की हुई मौत को लेकर तरह तरह की चर्चा होती रही। कुछ लोग इस घटना को जमीन की रंजिश से जोड़ रहे थे तो कई लोग आशनाई की चर्चा कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने जांच के लिए कन्हैया के घर से उसका मोबाइल कब्जे ले लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और कुछ नमूना एकत्रित किया।इस बारे में कोहंड़ौर एसओ राकेश प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल मृतक के मां के आरोपों की जांच की जा रही है।
चिप से खुल सकता है राज
मृतक कन्हैयालाल की जेब से मिले चिप से हत्या का राज खुलने की संभावना है। उस चिप को जांच के लिए पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अब देखना यह है कि उस चिप में ऐसा क्या राज छिपा है।