राज्य विवि में दीक्षा समारोह आज, मेधावियों को पदक बांटेंगी राज्यपाल Prayagraj News
इसके अलावा 117 मेडल पाने वालों में स्नातक में दस-दस स्वर्ण और रजत 11 कांस्य पदक दिए जाएंगे। वहीं परास्नातक में 31 स्वर्ण 27 रजत और 28 कांस्य पदक किए जाएंगे।
प्रयागराज,जेएनएन । प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षा समारोह सोमवार को नैनी स्थित सरस्वती हाइटेक सिटी परिसर में होगा। समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल प्रयागराज मंडल के 117 मेधावियों को मेडल देंगी। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव 1,21,683 मेधावियों को डिग्री प्रदान करेंगी।
समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और विशिष्ट अतिथि जस्टिस यतींद्र सिंह होंगे। डिग्री पाने वालों में स्नातक और परास्नातक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा 117 मेडल पाने वालों में स्नातक में दस-दस स्वर्ण और रजत, 11 कांस्य पदक दिए जाएंगे। वहीं, परास्नातक में 31 स्वर्ण, 27 रजत और 28 कांस्य पदक किए जाएंगे। समारोह में प्रतापगढ़ के यशोदानंदन हरिवंश महाविद्यालय के बीपीएड छात्र अतुल कुमार सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक समेत सर्वाधिक तीन स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। युनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की बीबीए छात्रा प्रिया सिंह को कुलपति स्वर्ण पदक के अलावा श्री शिवराम दास गुलाटी दानदाता स्वर्ण पदक भी दिया जाएगा। समारोह में मंडल के प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ के मेधावी हिस्सा लेंगे। समारोह में कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल के निर्देश पर कौशांबी जनपद के माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के 40 छात्र छात्राओं को भी बुलाया गया है। वह इन छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री बांटेंगी। समारोह का पूर्वाभ्यास रविवार को विवि के सरस्वती हाईटेक सिटी परिसर में किया गया।
मेधावियों से सफलता के टिप्स लेंगे विद़यार्थी :
राज्य विश्वविद़यालय के उप कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बताया कि कौशांबी जिले के माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के 40 विद़यार्थियों को बुलाया गया है। इन्हें कुलाधिपति व उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर बुलाया गया है। वह मेडल पाने वाले मेधावियों से सफलता के गुर सीखेंगे।