भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी गठित, कई पुराने चेहरे भी शामिल
भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी गठित कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ : भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। कुछ चेहरे इसमें पुराने भी हैं और जातीय समीकरण के सामंजस्य का भी ध्यान रखा गया है।
जिला कार्यकारिणी में कुल 22 लोगों को रखा गया है। दूसरी बार भी जिलाध्यक्ष पद पर हरिओम मिश्र की ही ताजपोशी हुई। एक माह पहले जैसे ही जिलाध्यक्ष की घोषणा हुई तो नई जिला कार्यकारिणी के गठन की सुगबुगाहट हो चुकी थी। अब इस नई कार्यकारिणी में राजेश कुमार मिश्र रज्जन, पवन कुमार सिंह, गोकुल नाथ श्रीवास्तव, राजेश्वर पटेल, अशोक सरोज, अल्का सरोज, अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं भूपेश त्रिपाठी को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अशोक मिश्र, राजेश सिंह, सतीश चौरसिया, एवं पवन गौतम को जिला महामंत्री का दायित्व मिला है। अरुण प्रताप सिंह, छेदी राम सरोज, आशीष श्रीवास्तव, यशोदा श्रीवास्तव, राम आसरे पाल, अनुरा0 मिश्र, अजय वर्मा एवं नितिन केसरवानी को जिला मंत्री पद का दायित्व सौंपा गया है। हालांकि तमाम कवायद के बाद कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी राजेंद्र मौर्य को मिली है। इसमें गोकुल नाथ श्रीवास्तव, अशोक मिश्र एवं राजेश सिंह कार्यकारिणी के पुराने चेहरे हैं, इन्हें पार्टी ने दोबारा जिम्मेदारी दी है।
इंटर पास से लेकर बीटेक डिग्री धारक हैं
जिला कार्यकारिणी में एक पदाधिकारी इंटरमीडिएट ही पास हैं, तो एक सदस्य के पास बीटेक की भी डिग्री है। हालांकि ज्यादातर पदाधिकारियों के पास एमए व बीएड की डिग्री है। चयन में जातीय समीकरण के साथ ही शिक्षा और अनुभव का भी ध्यान रखा गया है।