मानापुर में मृत मिलीं चिड़ियां, बर्ड फ्लू की दहशत
कुंडा के बाद अब पट्टी तहसील क्षेत्र में चार चिड़िया मृत मिलीं हैं। इनकी पहचान गोरैया के रूप में हुई। चिड़िया के मरने से लोगों में बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत फैल गई। हालांकि पशु चिकित्सा व वन विभाग ने भीषण ठंड से ऐसा होना बताया है।
संसू, ढकवा बाजार : कुंडा के बाद अब पट्टी तहसील क्षेत्र में चार चिड़िया मृत मिलीं हैं। इनकी पहचान गोरैया के रूप में हुई। चिड़िया के मरने से लोगों में बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत फैल गई। हालांकि पशु चिकित्सा व वन विभाग ने भीषण ठंड से ऐसा होना बताया है।
आसपुर देवसरा क्षेत्र के मानापुर गांव के सरोज बस्ती में गुरुवार को दिन में करीब ढाई बजे चार चिड़िया मरी पाई गईं। इससे वहां हलचल मच गई। ग्रामीणों के अनुसार चारों गोरैया बताई जा रही हैं। पक्षियों के मरने की सूचना पर वहां तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। कुछ लोग इसे बर्ड फ्लू से जोड़कर देख रहे हैं। गांव के कमलेश कुमार, उमेश सिंह, सत्येंद्र खरवार, राम मिलन, इंद्रसेन, रीता देवी, विकास, उमेश, श्रवण सिंह, राकेश व मंगल ने बताया कि गुरुवार की दोपहर गांव के कुछ लोगों ने देखा कि इंद्रसेन सरोज के दरवाजे पर बने खूंटे से बंधे जानवरों के पास बबूल के पेड़ से दो चिड़िया गिरीं। वहीं पड़ोसी राम अकबाल के दरवाजे पर सफेदा के पेड़ से भी दो चिड़िया गिरीं। एक गाय के हौदे में और दूसरी बगल में। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उनको उठाकर बस्ती से बीस मीटर दूर मानापुर निवासी रामजीत सिंह व दूधनाथ के गेहूं के खेत में फेंक दिया। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले की जानकारी मिली है। मौके पर क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी को भेजा जा रहा है। उधर, डीएफओ वरुण सिंह ने बताया है कि मृत चिड़िया घरेलू गोरैया है। इसका वैज्ञानिक नाम पासर डोमेस्टिकस है। यह घर के आसपास ही घोंसला बनाकर रहती हैं। ठंड बर्दाश्त न कर पाने से उनकी मौत लग रही है। मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। अब तक बर्ड फ्लू की आशंका नहीं है।