चंपत राय पहुंचे बेंती कोठी, बढ़ी हलचल
विश्व हिदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय अचानक शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे बेंती महल पहुंच गए। यहां पर उन्होंने रात्रि प्रवास किया। उनके आने से क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा कारणों से वहां पर पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई।
कुंडा, प्रतापगढ़ : विश्व हिदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय अचानक शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे बेंती महल पहुंच गए। यहां पर उन्होंने रात्रि प्रवास किया। उनके आने से क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा कारणों से वहां पर पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई।
हालांकि शुक्रवार की शाम पांच बजे तक किसी को विहिप नेता चंपत राय के आने की भनक नहीं थी। अचानक शाम छह बजे के बाद बेंती कोठी के आसपास पुलिस की सुरक्षा बढ़ती देख ग्रामीणों में कौतूहल जाग गया। विहिप नेता के आने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ एकत्र होना शुरू हो गई थी। विश्व हिदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे कार से बेंती कोठी पहुंचे। उनके साथ दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के अध्यक्ष आशीष जी भी मौजूद थे। यहां पर पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने उनका मुख्य द्वार पर स्वागत किया। उनके अंदर जाते ही कोठी का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। हालांकि सुरक्षा कारणों से पुलिस ने किसी को भी बेंती कोठी के अंदर नहीं जाने दिया। वहीं विहिप नेता ने सर्वप्रथम बेंती कोठी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। यहां से कोठी परिसर में स्थित पंचवटी भवन में राजा भैया के साथ उन्होंने राम मंदिर निर्माण को लेकर मंत्रणा की। सूत्रों के मुताबिक विहिप नेता शनिवार को दिन में 11 बजे बेंती कोठी में पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भेया की मौजूदगी में ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे। उनसे अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग की अपील करेंगे। वहीं ग्रामीण भी अपनी इच्छा से मंदिर निर्माण के लिए बड़ी धनराशि सहयोग में प्रदान कर सकते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए भारी सुरक्षा बल मौजूद रहेगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी यह नहीं पता चल पाया है कि कितने लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।