पैसा मांगने पर हमलावर हो गए दबंग, जमकर की तोड़फोड़
स्थानीय बाजार में शनिवार को देर रात पान मसाला व सिगरेट का पैसा मांगने पर दबंग युवकों ने दुकान के काउंटर में तोड़फोड़ की।
संसू, अमरगढ़ : स्थानीय बाजार में शनिवार को देर रात पान मसाला व सिगरेट का पैसा मांगने पर दबंग युवकों ने दुकान के काउंटर में तोड़फोड़ की। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने रविवार को एसओ से मिलकर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ बाजार में सुभाषचंद्र मिश्र की दुकान पर शनिवार रात करीब 10 बजे दो दबंग युवक पहुंचे। दोनों ने पान मसाला और सिगरेट लिया। दुकानदार सुभाष ने पैसा मांगा तो दबंग हमलावार हो गए और तोड़फोड़ की। पीड़ित दुकानदार सुभाषचंद्र ने शनिवार रात 11 बजे तहरीर थाने पर दी है।
रविवार सुबह घटना की जानकारी व्यापारियों और बाजार वासियों को हुई तो वे आक्रोशित हो उठे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष की अगुवाई में बाजारवासी थाने पहुंचे और एसओ विपिन कुमार सिंह से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फायरिग का मुकदमा दर्ज, हमलावरों के ठिकानों पर दबिश
संसू, डेरवा : जेठवारा थाना क्षेत्र के कानूपुर ग्राम प्रधान के पति राम सिंह पर हुई फायरिग के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उसने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जन सत्ता दल लोकत्रांतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह के समर्थक प्रधान के पति राम सिंह शनिवार की रात करीब आठ बजे अपने बरामदे में बैठे थे और अपने परिवार के साथ बातचीत कर रहे थे। उसी समय स्कार्पियो सवार बदमाश पहुंचे और राम सिंह पर निशाना साधते हुए फायरिग करने लगे। फायरिग की आवाज सुन वह अपनी जान बचाकर घर के अंदर घुस गए। उधर फायरिग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश प्रतापगढ़ की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंचे एसओ जेठवारा विनोद कुमार यादव ने बाघराय कटरा गुलाब सिंह जेठवारा मार्ग समेत रास्तों कर चेकिग लगाकर वाहनों की जांच की, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। रविवार की सुबह ग्राम प्रधान के पति राम सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जेठवारा थाने में तहरीर दी। इस घटना को लेकर चर्चा है की ग्राम प्रधान की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है, तो ऐसी घटना क्यों। कहीं प्रधानी का चुनाव नजदीक आने पर दहशत फैलाने के लिए तो नहीं घटना की गई। इस बाबत एसओ विनोद कुमार यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।