दिसंबर माह में 5.81 लाख कार्डधारकों को लगेगा झटका
शासन से निश्शुल्क मिलने वाले राशन के वितरण पर रोक लगा दी गई है। शासन के इस निर्णय से पांच लाख से अधिक कार्डधारकों को झटका लगा है। अब उनको हर माह मिलने वाला निश्शुल्क राशन नहीं मिलेगा। हालांकि नवंबर माह के आवंटन हुए राशन का वितरण दिसंबर में होगा लेकिन निश्शुल्क वाला राशन नहीं मिलेगा।
प्रतापगढ़ : शासन से निश्शुल्क मिलने वाले राशन के वितरण पर रोक लगा दी गई है। शासन के इस निर्णय से पांच लाख से अधिक कार्डधारकों को झटका लगा है। अब उनको हर माह मिलने वाला निश्शुल्क राशन नहीं मिलेगा। हालांकि नवंबर माह के आवंटन हुए राशन का वितरण दिसंबर में होगा, लेकिन निश्शुल्क वाला राशन नहीं मिलेगा।
जिले भर में पांच लाख 81 हजार से अधिक कार्डधारक हैं। इसमें अंत्योदय व पात्र गृहस्थी के कार्डधारक शामिल हैं। आपूर्ति विभाग के अनुसार जिले में अंत्योदय के 73 हजार 789 व पांच लाख सात हजार 865 पात्र गृहस्थी कार्डधारक हैं। खास बात यह है कि पात्र गृहस्थी के 22 लाख 16 हजार 517 व अंत्योदय के दो लाख 74 हजार 935 यूनिट हैं। इन सभी कार्डधारकों को माह में दूसरे फेज में 15 तारीख के बाद निश्शुल्क राशन मिलता था। एक यूनिट पर पांच किलो राशन प्रत्येक कार्डधारक को मिलता है। इसमें तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल मिलता था। दिसंबर माह से राशन वितरण पर शासन ने रोक लगा दी है। शासन के इस निर्णय से जिले भर के लाखों कार्डधारकों को झटका लगेगा। निश्शुल्क राशन से लोगों को काफी सहूलियत मिलती थी। कोरोना से राहत देने के लिए शासन ने यह व्यवस्था की थी। प्रभारी डीएसओ रुचि सिघल ने बताया कि दिसंबर माह से निश्शुल्क मिलने वाला राशन नहीं मिलेगा। शासन ने इस पर रोक लगा दिया है।
अप्रैल माह से वितरण हो रहा था राशन
कोरोना के डर से हजारों प्रवासी परदेस से अपने घर आ गए थे। राशन के लाले पड़ गए थे। उनको राशन के लिए दिक्कत न झेलना पड़े, इसके लिए शासन ने सभी कार्डधारकों को निश्शुल्क राशन देने का निर्णय लिया था। प्रति यूनिट पर पांच किलो राशन मिल रहा था। राशन वितरण से लोगों को काफी राहत मिली। वहीं अब इसके बंद होने से काफी दिक्कतें बढेंगी।