टैक्स के दायरे में नगर पालिका के 351 भवन स्वामी
संवाद सूत्र प्रतापगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे भवन स्वामी हैं जो शहर में रिहा
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़ : नगर पालिका क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे भवन स्वामी हैं, जो शहर में रिहायशी मकान बनाए हुए हैं। वह सालों से नगर पालिका को टैक्स नहीं दे रहे। भवनों का टैक्स निर्धारण न होने से नगर पालिका को अच्छी खासी चपत लग रही थी। नगर पालिका के सर्वे में इसका राजफाश हुआ। अब ऐसे भवनों पर टैक्स लगाया गया है। उनसे टैक्स वसूला जाएगा।
नगर पालिका क्षेत्र में 25 वार्ड हैं। इसमें सहोदरपुर पूर्वी, भैरोपुर, पटखौली, बलीपुर, अचलपुर, अजीत नगर, बेगमवार्ड, अस्पताल वार्ड, घोसियाना वार्ड, सदर बाजार, विवेक नगर, मीराभवन, धर्मशाला वार्ड, चिलबिला पूर्वी, चिलबिला पश्चिमी, दहिलामऊ दक्षिणी, दहिलामऊ उत्तरी, करनपुर सिविल लाइन सहित अन्य वार्ड शामिल हैं। वार्ड में 12 हजार से अधिक भवन हैं। यहां से हर साल निर्धारित टैक्स जमा हो रहा है, लेकिन नगर पालिका द्वारा किए गए सर्वे में 351 ऐसे भवन मिले हैं, जिन पर सालों से टैक्स लागू नहीं किया गया था। अब भवन पर टैक्स निर्धारण कर दिया गया है। इसके अलावा वार्डवार कई दुकानों व घरों पर हुए टैक्स निर्धारण में बदलाव किया गया हैं। जो टैक्स पुरानी दर पर ही दे रहे थे, उनके भवन व दुकानों का एरिया के हिसाब से टैक्स निर्धारण किया गया। ईओ नगर पालिका मुदित सिंह ने बताया कि सर्वे में सैकड़ों ऐसे भवन मिले हैं, जिन पर टैक्स लागू नहीं किया गया था। नए सिरे से टैक्स लागू किया जा चुका है।
- बकायेदारों पर होगी सख्ती
नगर पालिका क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे भवन स्वामी हैं, जो नगर पालिका का 20 लाख से अधिक का गृह कर व जल कर बकाया नहीं जमा कर रहे हैं। उनको कई बार नोटिस जारी की गई, लेकिन बकाया जमा नहीं हुआ। अब नगर पालिका उन पर सख्ती से कार्रवाई करेगी।