राहुल गांधी के कथन से सहमत नहीं युवा
पीलीभीतजेएनएन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों केरल में अप्रत्यक्ष तौर पर उ
पीलीभीत,जेएनएन : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों केरल में अप्रत्यक्ष तौर पर उत्तर भारतीयों की राजनीतिक बुद्धिमत्ता व मुद्दों पर सोच के बाबत सवाल खड़ा किया। उनके कथन से यहां के युवा पूरी तरह से असहमत दिखे। युवाओं का कहना है कि मुद्दों के प्रति इस प्रदेश के लोगों पर सवाल खड़े किया जाना उचित नहीं है। उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है, जिसने इस देश को सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री दिए। वर्तमान राष्ट्रपति भी इसी प्रदेश के रहने वाले हैं। ऐसे में कोई यह कैसे कह सकता है कि यहां के लोगों में राजनीतिक बुद्धिमत्ता व मुद्दों पर सोच की कमी है। कांग्रेस नेता को इस तरह के बयान नहीं देना चाहिए , जिसमें देश को उत्तर-दक्षिण में बांटने का प्रयास दिखे। देश के सभी राज्यों में ऐसे तमाम लोग हैं जो राजनीतिक बुद्धिमत्ता व मुद्दों पर स्पष्ट नजरिया रखते हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कथन से कोई भी सहमत नहीं हो सकता। उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया, यह तो वही जाने लेकिन उत्तर भारत के लोगों में मुद्दों की गहरी समझ है। अगर बात अकेले उत्तर प्रदेश की करें तो पाएंगे कि इस राज्य ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं। इसकी अनदेखी कैसे की जा सकती है।
महेश कुमार
पिछले लोकसभा चुनाव से पहले ही राहुल गांधी को यह अहसास होने लगा था कि इस बार अमेठी में जीत हासिल कर पाना मुश्किल है, इसीलिए उन्होंने केरल की ओर रुख कर लिया। वह अमेठी से चुनाव हार गए लेकिन केरल से जीतकर लोकसभा में पहुंच गए। हो सकता है कि उसी वजह से उन्होंने ऐसा बयान दे दिया, जिसका कोई मतलब नहीं है।
अजीत सिंह
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले भी विवादित बयान देने के लिए चर्चित रहे हैं। इस बार उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बयान दिया है। देश का प्रत्येक राज्य और उसमें रहने वाले लोग महत्वपूर्ण हैं। उत्तर-दक्षिण में देश को बांटने का प्रयास नहीं होना चाहिए। किसी क्षेत्र की दूसरे क्षेत्र से इस तरह तुलना नहीं करना चाहिए।
कन्हैया लोधी
कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक भारत है। कोई राज्य अधिक विकसित हो गया तो किसी राज्य में उतना विकास नहीं हुआ हो, यह तो मुमकिन है लेकिन वहां के लोगों के लोगों के बारे में ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए, जिससे लोगों के जज्बात आहत हों। संभवत: केरल से सांसद चुने जाने की वजह से उन्होंने ऐसी बात कही होगी।
जोएब हसन