मकान के विवाद में चली गोली, बरेली के युवक की मौत
बीसलपुर नगर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित मकान पर कब्जा करने के विवाद को लेकर मंगलवार की शाम एक ही परिवार के दो पक्षों संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। वारदात से इलाके में अफरा तफरी मच गई।
पीलीभीत,जेएनएन : बीसलपुर नगर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित मकान पर कब्जा करने के विवाद को लेकर मंगलवार की शाम एक ही परिवार के दो पक्षों संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। वारदात से इलाके में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
नगर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी राजेश्वर प्रसाद गंगवार तथा इसी मुहल्ले में रह रहे बहनोई अवध बिहारी के बीच एक मकान पर कब्जा करने को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा है। मंगलवार को शाम लगभग सात बजे विवाद उस समय बढ़ गया। जब अवध बिहारी आधा दर्जन साथियों के साथ बंद मकान पर कब्जा करने के लिए सीढ़ी लगाकर अंदर पहुंच गए। ताला तोड़ने के बाद जैसे ही अंदर घुसने लगे तो राजेश्वर प्रसाद गंगवार पक्ष के लोगों ने विरोध किया। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों से हमला होने लगा। बाद में दोनों ओर से गोलियां चलने लगी। इस दौरान अवध बिहारी के साथ आए बरेली जनपद के भुता थाना क्षेत्र के ग्राम रसूला निवासी पवन कुमार (28) सीने में गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी लल्लन सिंह, बिलसंडा थानाध्यक्ष बिरजाराम भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मकान पर कब्जा करने के विवाद को लेकर यह वारदात हुई है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। उधर रात्रि लगभग आठ बजे पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने घटनास्थल का जायजा लिया।