घरेलू झगड़े में पत्नी को सिर कुचल कर मार डाला
पीलीभीतजेएएन पारिवारिक विवाद में युवक ने पत्नी की सिर कुचल कर हत्या कर दी। बाद में शव को जमीन में दबा दिया। हत्यारोपित फरार हो गया। मंगलवार की देररात पुलिस ने शव को बरामद किया है। घटना की बाबत युवक की मां ने नामजद तहरीर दी है।
पीलीभीत,जेएएन : पारिवारिक विवाद में युवक ने पत्नी की सिर कुचल कर हत्या कर दी। बाद में शव को जमीन में दबा दिया। हत्यारोपित फरार हो गया। मंगलवार की देररात पुलिस ने शव को बरामद किया है। घटना की बाबत युवक की मां ने नामजद तहरीर दी है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी राजवती पत्नी स्वर्गीय सुशील की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह नगर के मुहल्ला पंकज कालोनी में स्थित बेटी पुष्पा के घर रहती हैं। बेटी और दामाद बच्चों के साथ बेंग्लुरू में रहते हैं। उनका पुत्र बब्बू अपनी पत्नी संगीता तथा बच्चों के साथ पिछले एक वर्ष से बेंग्लुरू में रहकर किसी कंपनी में काम करता है। बब्बू के चार बच्चे हैं। बब्बू 9 जनवरी की रात करीब 10 बजे पत्नी संगीता के साथ आया था। दस जनवरी की रात बारह बजे किसी बात को लेकर बब्बू का संगीता से झगड़ा हो गया। बब्बू ने संगीता को पीटना शुरू कर दिया। यह देख उन्होंने संगीता को बचाने का प्रयास किया तो बब्बू ने उनसे भी मारपीट की, जिससे उन्हें आंख के नीचे तथा शरीर में चोटें आईं। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। वह रात में डर की वजह से इधर उधर घूमती रही। मंगलवार को दो तीन बजे वह घर लौटी तो उन्होंने घर के भीतर खून पड़ा देखा, लेकिन संगीता कहीं दिखाई नहीं दी। उन्होंने संगीता को तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में उन्होंने गोदाम में खोदे गए गड्ढे की मिट्टी हटाकर देखा तो उसके भीतर संगीता का शव दिखाई दिया। बब्बू ने संगीता की हत्या कर शव को जमीन में दबा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बब्बू मौके से फरार हो गया। मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने संगीता का शव बरामद कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हत्यारोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 48 घंटे में पत्नी के कत्ल की दूसरी वारदात
तराई के जिला में गुजरे 48 घंटे के दौरान पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या की यह दूसरी वारदात हुई है। नौ जनवरी को बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव परेवा तुर्राह निवासी विमल ने अपनी पत्नी नैना की पीटकर हत्या कर दी थी। फिर उसके शव को खेत में दफना दिया था।