गेहूं की फसल को उजाड़ रहे बंदर
बीसलपुर तहसील क्षेत्र में घूम रहे बेसहारा पशु व बंदरों का झुंड किसानों के लिए परेशानी का सबब हैं। पशुओं के झुंड गेहूं के अलावा अन्य फसल को क्षति पहुंचा रहे हैं। बंदरों ने गेहूं की फसल को क्षति पहुंचाना शुरू कर दिया है।
पीलीभीत,जेएनएन : बीसलपुर तहसील क्षेत्र में घूम रहे बेसहारा पशु व बंदरों का झुंड किसानों के लिए परेशानी का सबब हैं। पशुओं के झुंड गेहूं के अलावा अन्य फसल को क्षति पहुंचा रहे हैं। बंदरों ने गेहूं की फसल को क्षति पहुंचाना शुरू कर दिया है।
बेसहारा पशु लंबे समय से किसानों की फसल उजाड़ रहे हैं। क्षेत्र के गांव रिछोला, महादेवा, मीरपुर, गुलैंदा गोटिया खंनका समेत क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक ग्रामों में पशुओं के आतंक से किसान परेशान हैं। दिन रात मेहनत कर फसल को तैयार करने के बाद फसल को पशु उजाड़ कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। पशुओं के झुंड कई बार पूरी सड़क को घेर कर खड़े हो जाते हैं। राहगीरों को निकलने में काफी परेशान होना पड़ता है। क्षेत्र में बेसहारा पशु कई लोगों की जान भी ले चुके हैं, उसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने आवारा पशुओं को रखने के लिए बेहतर इंतजाम नहीं किए हैं। बंदरों के झुंड खेतों में खड़ी गेहूं की पौध को नोचकर खा रहे जिससे किसानों की फसल सुरक्षित नहीं बच पा रही है। फिलहाल क्षेत्र में पशु किसानों की गेहूं व गन्ने की फसल को बहुत ज्यादा नुकसान कर रहे हैं। एडीओ पंचायत अवनीश कुमार का कहना है कि समस्या से विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
पशुओं के झुंड हमारी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं कई बार इसकी शिकायत विभागीय उच्चाधिकारियों से कर चुके हैं परंतु ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सोनपाल
गन्ने की फसल को आवारा पशु काफी नुकसान कर चुके हैं लॉकडाउन में गन्ने की फसल करने में कर्जा हो गया था अब परिवार काफी परेशान है।
रामशरण
क्षेत्र में लंबे समय से पशु आतंक मचाए हुए हैं कई लोगों पर हमला बोल कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं परंतु अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
दिनेश कुमार