शारदा नदी का घटा पानी, ग्रामीणों को मिली राहत
संस पूरनपुर (पीलीभीत) शारदा नदी का जलस्तर गुरुवार को काफी हद तक कम हो गया।
संस, पूरनपुर (पीलीभीत) : शारदा नदी का जलस्तर गुरुवार को काफी हद तक कम हो गया। पानी की ठोकरों से क्षतिग्रस्त हुए स्पर और परकोपाइन की मरम्मत का कार्य बाढ़ खंड की तरफ से तेजी के साथ शुरू करा दिया है।
पहाड़ों पर हुई भारी बरसात से शारदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। तीन दिन तक जलस्तर बढ़ा रहने से राणाप्रतापनगर में बाढ़ जैसे हालत हो गए थे। खेतों में पानी घुसने के साथ ही गांव तक पहुंच गया था। आबादी और जमीन को बचाने के लिए बनाए गए कटर और परकोपाइन शारदा के वेग से क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिरने लगे थे। सूचना पर अभियंता मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य कराने की कोशिश में थे लेकिन पानी अधिक होने से बचाव कार्य नहीं हो पा रहा था। नदी का जलस्तर काफी हद तक कम हो गया है। गांव और खेतों में भरा पानी और निकल गया है। रमनगरा क्षेत्र में भी नदी का पानी कम हो गया है। कई जगह नदी ने सिल्ट छोड़ दी है। पानी की ठोकर से क्षतिग्रस्त हुए स्पर और परकोपाइन की मरम्मत का कार्य बाढ़ खंड की तरफ से शुरू कर दिया गया है। नगरिया खुर्दकलां के पास मजदूरों को लगाकर स्पर की मरम्मत कराई जा रही है। नदी में पानी कम होने से किसानों ने भी राहत की सांस ली है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप