दो गांवों में गिरी खपरैल, ग्रामीण मलबे में दबा
घुंघचाई के गांव उदरहा और अमरैयाकलां में खपरैल युक्त घर गिरने से लोगों का काफी नुकसान हुआ। एक ग्रामीण मलबे में दब जाने से उसके काफी चोटें आईं। बमुश्किल उसे बाहर निकाला गया। बरसात शुरू होने से कच्चे पक्के घरों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है।
पीलीभीत,जेएनएन : घुंघचाई के गांव उदरहा और अमरैयाकलां में खपरैल युक्त घर गिरने से लोगों का काफी नुकसान हुआ। एक ग्रामीण मलबे में दब जाने से उसके काफी चोटें आईं। बमुश्किल उसे बाहर निकाला गया। बरसात शुरू होने से कच्चे पक्के घरों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है।
घुंघचाई : गुरुवार की रात उदरहा निवासी परशुराम पासवान अपने खपरैल युक्त घर में लेटा था। तेज बारिश और हवा के कारण कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। इससे मलबे के नीचे ग्रामीण आ गया। शोर-शराबे के बाद मौके पर एकत्र परिजनों ने बमुश्किल उसे बाहर निकाला। उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सकों के पास ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे पीलीभीत रेफर कर दिया गया। घर में रखा सामान भी नष्ट हो गया। इसके अलावा दिलावरपुर, सिमराया, सिमरिया में भी दीवारें गिर गईं। दियोरिया मार्ग पर बारिश के साथ हवा चलने के कारण आम का पेड़ बिजली पोल पर जा गिरा। इससे विद्युत लाइन टूट गई और कई गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अमरैयाकलां : गांव निवासी प्रहलाद कुशवाहा की घर की दीवार शुक्रवार की दोपहर में गिरने से रसोईघर का सामान, चारपाई, टीनशेड आदि टूट गया। परिवार के लोग मेहमानी खाने गांव मल्लपुर न्यूरिया गए थे। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। दीवार गिरने तथा हुए नुकसान को देखकर वह हताश हो गया।
जमुनियां खास : क्षेत्र के गांव मथना जप्ती के पुरैनीदीपनगर निवासी सरदार तारा सिंह का जंगल किनारे कच्चा मिट्टी के घर में परिवार रह रहा है। कई दिनों लगातार बारिश के चलते गुरुवार रात को उनका मिट्टी का कच्चा घर गिर गया घर गिरने के समय परिवार के लोग घास पूस की बनी झोपड़ी में सो रहे थे जिसकी वजह से खतरा टल गया लेकिन घर गिरने से उसमे रखा घरेलू सामान समेत कुर्सी चारपाई टूटने से क्षति हुई है।
बिलसंडा : क्षेत्र के ग्राम खुटराया निवासी वेद पाल पुत्र मलखान किसान का मकान बरसात के कारण गिर गया। मलबे में वेदपाल व उसका लड़का दब गया। आसपास के लोगों ने मकान गिरने की आवाज सुनी भाग कर गए। दोनों को दीवार के नीचे से निकाला जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जिसकी सूचना ग्राम प्रधान ने हल्का लेखपाल शमशुल को दी अभी तक हल्का लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचा है। तहसीलदार आशुतोष कुमार ने बताया कि मौके पर राजस्व टीम को भेजा जा रहा है।