सीएमओ दफ्तर फिर पहुंची विजिलेंस टीम
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में नियुक्त कर्मचारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति संबंधी मुकदमे की तफ्तीश कर रही भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की टीम गुरुवार को यहां पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपित कर्मचारी वहां से खिसक गए। टीम का नेतृत्व कर निरीक्षक सुरेश मिश्रा ने फोन पर सीएमओ से संपर्क साधा।
पीलीभीत,जेएनएन : मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में नियुक्त कर्मचारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति संबंधी मुकदमे की तफ्तीश कर रही भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की टीम गुरुवार को यहां पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपित कर्मचारी वहां से खिसक गए। टीम का नेतृत्व कर निरीक्षक सुरेश मिश्रा ने फोन पर सीएमओ से संपर्क साधा। तब बताया गया कि वह बीसलपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। लिहाजा टीम को दो तीन दिन बाद आने को कह दिया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक हीरेश सरन सक्सेना, लिपिक नीरज श्रीवास्तव सहित तीन कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत शासन स्तर पर की गई थी। बाद में जांच के उपरांत तीनों कर्मचारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसकी तफ्तीश भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की शाखा कर रही है। कुछ दिन पहले भी विजिलेंस टीम आरोपित वरिष्ठ सहायक हीरेश सरन सक्सेना के आवास पर पहुंची थी। टीम ने आवास में उपलब्ध सभी सामान को ब्योरा जुटाया था। इधर, गुरुवार को विजिलेंस टीम फिर यहां पहुंची। इसकी भनक लगते ही आरोपित कर्मचारी वहां से खिसक गए। टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर सुरेश मिश्रा ने सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल को फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बीसलपुर क्षेत्र में दौरे पर होने की बात कही। फिलहाल टीम को दो तीन बाद आने के लिए कहा गया है। सीएमओ ने विजिलेंस टीम के आने की पुष्टि की है। मालूम हो कि पहले भी आय से अधिक संपत्ति मामले में सीएमओ कार्यालय के लिपिक के खिलाफ जांच चल रही है।