सेवानिवृत्त लिपिक समेत तीन पर हत्या का मुकदमा
उपाधि महाविद्यालय के सेवानिवृत लिपिक समेत तीन आरोपितों के खिलाफ पूर्व में महाविद्यालय की छात्रा का अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जेवर और पैसा हड़पने तथा मकान पर कब्जा करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
जासं, पीलीभीत: उपाधि महाविद्यालय के सेवानिवृत लिपिक समेत तीन आरोपितों के खिलाफ पूर्व में महाविद्यालय की छात्रा का अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जेवर और पैसा हड़पने तथा मकान पर कब्जा करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्री उपाधि महाविद्यालय में छात्रा पढ़ती थी। पढ़ाई के दौरान महाविद्यालय के लिपिक रमेश सिंह ने पुत्री को प्रेमजाल में फंसा कर अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। जिसके बाद उसकी पुत्री को ब्लैकमेल करके शारीरिक संबंध बना लिए थे। पुत्री के विरोध करने पर आरोपित उसे बदनाम करने की धमकी देता था। उसकी पुत्री का विवाह एक युवक के साथ किया गया था, लेकिन आरोपित ने नाजायज रिश्ता बताकर उसकी पुत्री को पति से अलग कर दिया था। आरोपित ने साथी दिलीप सिंह पुत्र छेदा लाल ग्राम सहाय लखीमपुर खीरी, हाल निवासी मुहल्ला नई बस्ती और चंद्रशेखर पुत्र तिलकराम मुहल्ला अशोक कालोनी के साथ उसके घर पुत्री की मर्जी के बिना घर आने जाने लगे थे। विरोध करने पर गाली गलौज करते व मारपीट करते थे। आरोपित उसकी पुत्री के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे। उसने आरोपितों के गलत इरादों को जानकर संपत्ति की वसीयत अपने भाई, भतीजी, भतीजा के हक में वर्ष 2013 में रजिस्ट्री ऑफिस में पंजीकृत करा दी थी। आोरपितों ने उसकी पुत्री पर दबाव बनाकर डरा धमका कर 23 जुलाई 2019 को इसका खंडन करवा दिया। इसका इंद्राज उपनिबंधक कार्यालय में करवाया गया। आरोपित ने उसकी पुत्री की बैंक में जमा धनराशि और जेवर आदि निकाल लिया। बैंक पासबुक और लॉकर की चाबी अपने कब्जे में ले ली। काफी संपत्ति को भी हड़प लिया। 12 मार्च 2020 की रात उसकी पुत्री घर में अकेली थी जबकि महिला पूरनपुर गई हुई थी। उसी रात मौका पाकर तीनों आरोपितों ने पुत्री की हत्या कर दी थी। सबूत छुपाने के इरादे से शव का पोस्टमार्टम करवाए बिना अंतिम संस्कार आनन-फानन में कर दिया। तीनों आरोपित अब महिला के मकान के ऊपरी हिस्से पर कब्जा करने को प्रयासरत हैं। आरोप लगाया है कि उनके साथ अमानत में खयानत का कार्य किया गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सेवानिवृत लिपिक रमेश, दिलीप कुमार तथा चंद्रशेखर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सुनगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।