कॉलज जा रही छात्राओं से छेड़छाड़
थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव में स्थित कॉलेज में पढ़ाई करने छात्राओं से बाइक सवार शोहदे ने छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं शोहदे ने छात्राओं को गन्ने के खेत की ओर खींचने का प्रयास किया। पीछे आ रही अन्य छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। यह देख शोहदा बाइक लेकर फरार हो गया।
संवाद सूत्र, जमुनियां खास (पीलीभीत) : थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव में स्थित कॉलेज में पढ़ाई करने छात्राओं से बाइक सवार शोहदे ने छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं शोहदे ने छात्राओं को गन्ने के खेत की ओर खींचने का प्रयास किया। पीछे आ रही अन्य छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। यह देख शोहदा बाइक लेकर फरार हो गया। दुस्साहसिक वारदात को लेकर वहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले की सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की बाबत छात्राओं के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली छात्राएं कालेज में पढ़ाई करने के लिए साइकिल से शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जा रही थीं। तभी रास्ते में दयालपुर गांव निवासी गोधन लाल के गन्ने के खेत में पहले से ही घात लगाए बैठे मनचले ने साइकिल से जा रही दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। शोहदे ने छात्राओं को गन्ने के खेत की ओर खींचने का भी प्रयास किया। वहीं कुछ दूरी पर साइकिल से आगे चल रहीं दो और छात्राओं ने पीछे जब मुड़कर देखा तब वह भी भयभीत होकर वहां से भाग निकलीं। दोनों पीड़िता छात्राएं जोर से चीख पुकार करने लगीं। जमुनिया गांव निवासी दो व्यक्ति अपनी गेहूं की फसल देखने जा रहे थे, छात्राओं की चीख पुकार सुन वे गन्ने खेत की ओर दौड़े। इन दोनों लोगों को आते देखकर शोहदा काले रंग की मोटरसाइकिल से लेकर तेजी से दयालपुर गांव की ओर फरार हो गया। मामले की सूचना पाकर कॉलेज के प्रधानाचार्य तथा गांव के तमाम लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। कॉलेज के प्रधानाचार्य ने तत्काल हंड्रेड डायल पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची हंड्रेड डायल 2084 के कर्मचारियों ने आनन फानन में घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। दोनों पीड़ित छात्राओं के पिता ने घटना की बाबत तहरीर पुलिस चौकी जमुनिया में दे दी है। चौकी पर तैनात सिपाही तारकेश्वर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की छानबीन की जा रही है। इसी जगह अप्रैल में भी घटी थी घटना शुक्रवार की सुबह जिस जगह साइकिल सवार छात्राओं से सरेराह शोहदे ने छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना को अंजाम दिया है। इसी स्थान पर विगत अप्रैल में एक अध्यापिका के साथ छेड़छाड़ की घटना घट चुकी थी। सामाजिक लोकलाज के चलते उक्त घटना को दबा दिया गया था।