तेज धूप ने बढ़ा दी उमस भरी गर्मी
जागरण संवाददाता पीलीभीत मानसून जैसे रूठ गया है। आसमान पर बादल उमड़ते घुमड़ते रहते है।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : मानसून जैसे रूठ गया है। आसमान पर बादल उमड़ते घुमड़ते रहते हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है। अगर बारिश होती भी है तो अक्सर बूंदाबांदी। तीन दिन पहले कुछ देर तेज बारिश हुई लेकिन उसका दायरा शहर और उसके आसपास का ही क्षेत्र रहा। गांवों में खेत सूखे ही रह गए। सुबह से ही तेज धूप की वजह से पूरे दिन उमस भरी गर्मी बनी रहती है। घरों से बाहर निकलने वाले लोग सूरज की तपिश से पसीने से तर बतर रहते हैं। घर लौटने के बाद ही उन्हें कुछ सुकून मिल पाता है।
शुक्रवार को सुबह से ही मौसम गर्म रहा। आसमान साफ होने के कारण धूप में शुरू से ही तेजी रही। दिन चढ़ने के साथ उमस भरी गर्मी भी बढ़ती गई। हालांकि इस दौरान आसमान पर कई बार बादल तो उमड़े लेकिन बारिश बिल्कुल नहीं हुई। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34.1 तथा न्यूनतम 25.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान भी आसमान पर बादल उमड़ेंगे और कहीं कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है। किसानों का कहना है कि इस बार बारिश कम होने की वजह से उन्हें धान और गन्ना जैसी फसलों की जल्दी जल्दी सिचाई करनी पड़ रही है। ऐसा न करने पर उनकी फसल खराब हो सकती है।