गन्ने के खेत में जलाई पराली,किसान को भेजी नोटिस
जेएनएन पूरनपुर (पीलीभीत) पराली प्रबंधन को लेकर जागरूक करने के बाद किसानों में जागरूकत
जेएनएन, पूरनपुर (पीलीभीत) : पराली प्रबंधन को लेकर जागरूक करने के बाद किसानों में जागरूकता आई है लेकिन कुछ जगह अभी भी खेतों में पड़ी पराली में आग सुलगते दिख जाती है। नगर से सटे देहात क्षेत्र के एक गन्ने के खेत में पराली जलाने से खलबली मची रही।
खेतों में धान और गन्ने की पराली न जलाई जाए इसको लेकर अधिकारी लगातार गांवों में बैठकर कर किसानों को जागरूक कर रहे हैं। पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मचारियों को भी लगाया गया है। पराली जलाने के मामले में तत्काल केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को नगर से सटे देहात क्षेत्र के मुहल्ला ढका में नहर के पास गन्ने के खेत में पराली जलती देखी गई। आग से काफी धुआं उठ रहा था। हालांकि खेत की सभी पराली जलने के बाद आग शांत हो सकी। तहसीलदार विजय कुमार त्रिवेदी ने बताया कि खेत में आग लगने की सूचना उन्हें प्राप्त हो गई है। आग कैसे लगी इसको लेकर खेतस्वामी को नोटिस जारी किया गया है। -----------------
किसानों की समस्याओं को लेकर दिया जाएगा धरना
जेएनएन, पीलीभीत : भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में धान और गन्ना की समस्या को लेकर 27 नवंबर को धरना देने का निर्णय लिया गया।
शनिवार को मंडी समिति परिसर स्थित कृषक विश्रामगृह में हुई पंचायत में प्रदेश सचिव वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि मंडियों व राइस मिलों में धान की बिक्री में इस बार किसानों को सबसे ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं लेकिन अधिकारी समाधान नहीं करा रहे। सेंटरों पर धान बेचने वाले किसानों को 72 घंटे में मूल्य भुगतान भी नहीं मिल रहा है। जिलाध्यक्ष सतविदर सिंह कहलो ने कहा कि गन्ना किसानों को पूरा बकाया अभी तक नहीं मिला है। इससे उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गन्ना क्रय केंद्रों पर उतार के लिए किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बिजली की किल्लत से भी जूझना पड़ रहा है। पंचायत में अशोक सक्सेना, प्यारेलाल वर्मा, संतोष यादव, लालू मिश्र, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, नागेंद्र सिंह, रामकुमार प्रजापति, अनिल तिवारी, रजनीश कटियार, राजपाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत के बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सुनगढ़ी थाने के इंस्पेक्टर अतर सिंह को सौंपा गया।