कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए जागरूकता फैलाएं
आशा कार्यकर्ता सम्मेलन में श्रममंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए जागशकता फैलाने की अपील की।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं के जिला स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा संगिनी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव कराने और कन्या भ्रूण हत्या को पूरी तरह रोकने के लिए समाज को जागरूक करने पर जोर दिया।
टनकपुर हाईवे स्थित एक बरातघर में शनिवार को हुए सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्हें प्रत्येक गर्भवती महिला के संपर्क में रहकर उसके स्वास्थ्य की चिता करनी चाहिए। प्रसव अस्पताल में ही कराने की सलाह दें। जिससे मातृ-शिशु मृत्यु दर में और कमी लाई जा सके। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या को पूरी तरह रोकने पर सामाजिक जन जागरूकता पर जोर दिया। कहा कि हालांकि पहले के मुकाबले उसमें काफी कमी आई है। इस दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री का संदेश भी पढ़कर सुनाया, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार की बात कही गई। प्रभारी मंत्री ने आशा संगिनी आशा देवी, भारती श्रीवास्तव, कंचन पांडेय, आशा कार्यकर्ता अनीसा बेगम, जावित्री देवी, सुमन, उषा, नजरा बेगम, शोभना, बीना, मीना, प्रवेश कुमारी, चंद्रकली, लालमती, भाग्यवती, रोशी, मकबूलन, सावित्री देवी, बानो बेगम, ब्रजरानी, मैसरजहां, निर्मला, संगीता व कीर्ति को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आशा कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।