सुअर के मांस के साथ सीमा पर दबोचा तस्कर
वन विभाग और एसएसबी जवानों ने संयुक्त पेट्रोलिग के दौरान तस्कर को दबोच लिया। जंगली सूअर का मांस बरामद किया गया है। आरोपित को वन विभाग ने हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।
पीलीभीत,जेएनएन : वन विभाग और एसएसबी जवानों ने संयुक्त पेट्रोलिग के दौरान तस्कर को दबोच लिया। जंगली सूअर का मांस बरामद किया गया है। आरोपित को वन विभाग ने हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।
तमाम प्रयास के बाद भी वन्यजीवों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। मौका मिलने पर तस्कर उनकी हत्या कर मांस को ठिकाने लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। वन विभाग और 49 वीं वाहिनी एसएसबी की नौजल्हा चौकी के जवान संयुक्त रूप से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें बाइक पर सामान ले जाते हुए एक युवक अंतरराष्ट्रीय स्तंभ संख्या 18 के पास दिखाई दिया। टीम ने उसे मौके पर ही रोक लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 26 किलो मांस पाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव कुमार पुत्र लक्ष्मण निवासी मेलाघाट जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड बताया। वन कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही जंगली सूअर का मांस होने की पहचान की गई। बरामद मांस और बाइक आरोपित को कब्जे में लेते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया गया। आरोपित को वन विभाग के सुपुर्द किया गया है। इस दौरान कंपनी कमांडर यशपाल शर्मा और वन दारोगा रघुवीर सिंह यादव मौजूद रहे। मालूम हो कि सशस्त्र सुरक्षा बल के जवान नेपाल सीमा पर लगातार गश्त करते रहते हैं उसके बावजूद तस्कर मौका लगते ही तस्करी का सामान लेकर बार्डर को पार कर जाते हैं। सर्दी के मौसम में सबसे अधिक तस्करी की घटनाएं होती हैं। कई बार तो तस्कर सामान छोड़कर मौके से फरार हो जाते हैं।