संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के प्रति लापरवाही पर दिया धरना
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के साथ ही अन्य समस्याओं के विरोध में धरना दिया। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद ने कहा कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के साथ ही अन्य समस्याओं के विरोध में धरना दिया। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद ने कहा कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
गुरुवार को शहर के रामस्वरूप पार्क में आयोजित धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि झूठे वादे करके केंद्र पर प्रदेश की सत्ता संभालने वाली भाजपा की सरकारें न किसानों का भला कर पा रही हैं और न ही नौजवानों का। नौजवान रोजगार पाने के लिए भटक रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और निजी अस्पतालों में मरीजों का आर्थिक शोषण हो रहा है। किसानों को धान का समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा। पिछले सीजन का बकाया गन्ना मूल्य किसानों को अब तक यह सरकार नहीं दिला सकी है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव ने कहा कि पराली के मामले को लेकर किसानों पर मुकदमे दर्ज कराना उनके साथ अन्याय है। धरने के बाद राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम न्यायिक रामदास को सौंपा गया। धरना देने वालों में पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा, मरौरी के ब्लाक प्रमुख अरुण वर्मा, डॉ. राममूर्ति गंगवार, इम्तियाज अल्वी, गायत्री गंगवार, निरंजन कुमार गंगवार, मो. आरिफ, आशीष कुमार सिंह, अमित पाठक, प्रदीप सोनकर, असलम जावेद अंसारी, बीडी प्रजापति, गीता गुप्ता, अनीता शर्मा समेत अन्य तमाम कार्यकर्ता शामिल रहे।
सपा नेता ड्रामेबाजी बंद करें: शहर विधायक
सपा के धरना प्रदर्शन मामले पर शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि सपा नेता ड्रामेबाजी बंद करें। सपा शासनकाल में जब डेंगू का प्रकोप फैला था, उस वक्त इन्हीं नेताओं ने उसे सिरे से खारिज कर दिया था, आज ये नेता निराधार आरोप लगा रहे हैं। शहर विधायक ने कहा कि सपा नेता पहले स्वयं अपने गिरेबां में झांककर देंखे। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों की प्रभावी रोकथाम करने के लिए योगी सरकार पूरी तरह गंभीर है। इस दिशा में कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। शहर विधायक ने फिर दोहराया कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने में किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।