आग से छह एकड़ गेहूं की फसल राख
जंगल में वन कर्मचारियों द्वारा लगाई गई आग से दो किसानों का पांच एकड़ गेहूं जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि हवाओं का रुख तेज नहीं था वरना एक बड़े रकबे में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता था।
पूरनपुर (पीलीभीत) : जंगल में वन कर्मचारियों द्वारा लगाई गई आग से दो किसानों का पांच एकड़ गेहूं जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि हवाओं का रुख तेज नहीं था वरना एक बड़े रकबे में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता था। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और उन्होंने मुआयना किया।
यह अग्निकांड पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव सिरसा के समीप हुआ। गांव से कुछ दूर पर जंगल स्थित है। रविवार को जंगल में वन कर्मचारियों द्वारा आग लगा दी गई। आग की देखरेख न होने से धीरे धीरे आग पास के ही परशुराम और और राजू के गेहूं के खेत तक पहुंच गई। आग ने दोनों किसानों का करीब पांच एकड़ गेहूं अपनी जद में ले लिया। लोग जब तक आग पर काबू पाते तब तक गेहूं जल गया। किसानों को जब आग लगने का पता लगा तो वह बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। वन कर्मचारियों पर जंगल में आग लगाने से यह अग्निकांड होने का आरोप लगाने लगे। सूचना पर उप जिलाधिकारी चंद्रभानु सिंह टीम के साथ पहुंचे और मौके की जांच पड़ताल की। एसडीएम ने बताया कि जंगल से आग लगना प्रतीत हो रहा है। इसकी सूचना जिलाधिकारी और टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर सहित उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। पीड़ित किसानों को शीघ्र ही मुआवजा दिलाने की बात अधिकारियों से कही गई है। अगर वन विभाग मुआवजा नहीं देता है तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आग लगने से किसानों का रो रो कर बुरा हाल है।